Tuesday, 10 December 2013

विधानसभा चुनाव की समीक्षा : मोहल्ले को भी नहीं बचा पाए लहर से

विधानसभा चुनाव की समीक्षा : मोहल्ले को भी नहीं बचा पाए लहर से
इंदौर. चुनाव बाद परिणामों की समीक्षा। कांग्रेस फिलहाल इस स्थिति में भी नहीं है कि वह आंकड़े और कारण तलाश पाए। सबकी जुबां पर एक ही जवाब..लहर थी। हालांकि किसी के पास यह जवाब भी नहीं है कि वह लहर चार राज्यों से प्रदेश, शहर, गांव, विधानसभा क्षेत्र होते हुए खुद के मोहल्ले तक कैसे पहुंच गई? शायद इसी कारण इंदौर के 9 विस क्षेत्रों में से 4 प्रत्याशी तो खुद के मोहल्ले में ही हार गए। एक नंबर में कांग्रेस बाणगंगा के अलावा कहीं बूथ जीती, ऐसा कम ही हुआ। दो नंबर में मात्र 3 बूथ पर कांग्रेस जीत पाई। तीन नंबर में अल्पसंख्यक क्षेत्रों और बस्तियों में भी भाजपा सेंध लगाने में कामयाब रही। चार व पांच नंबर में कांग्रेस प्रत्याशी, तो राऊ में भाजपा प्रत्याशी खुद के वार्ड व मोहल्ले से हार गए।
इंदौर-1 : एयरपोर्ट तक बन गया रिकॉर्ड
कांग्रेस के साथ कांग्रेस के बागी निर्दलीय प्रत्याशी होने के बावजूद भाजपा ने बड़ी और ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस क्षेत्र से दो बार लगातार विधायक नहीं बनने का मिथक भी भाजपा ने तोड़ा तो खजूरी बाजार से एयरपोर्ट थाने तक एक ही पट्टी में रिकॉर्ड बना डाला। सुदर्शन गुप्ता को संगम नगर, शिक्षक नगर, महाराणा प्रताप नगर, महेश यादव नगर, भागीरथपुरा,  रामानंद नगर, बीएसएफ, एयरपोर्ट रोड, राज नगर, हुकुमचंद कॉलोनी, कालानी नगर, खजूरी बाजार में एकतरफा वोट मिले। निर्दलीय कमलेश खंडेलवाल को चंदन नगर, अहिल्या पल्टन, तंबोली बाखल, बड़ा गणपति, नंदन नगर, छीपा बाखल में भी एकतरफा वोट मिले। इन क्षेत्रों में एक बूथ ऐसा भी है जहां कमलेश को 672, सुदर्शन को 18, दीपू यादव को 52 वोट मिले। कांग्रेस
को बाणगंगा, जय¨हद नगर में अच्छे वोट मिले। किला मैदान, गणोशगंज, सिरपुर में तीनों को समान तो नीलकंठ कॉलोनी, अग्रसेन नगर, अंजनी नगर, शिक्षक नगर में सुदर्शन-कमलेश को बराबर वोट मिले।
इंदौर-2 : सिर्फ तीन बूथ जीती कांग्रेस
कांग्रेस प्रत्याशी 3 नंबर में रहते थे, इसलिए उनका वोट भी खुद के काम नहीं आया। 269 बूथ में से कांग्रेस सिर्फ तीन जीती। तीन में से दो बूथ वार्ड 38 के। इसमें राहुल गांधी नगर और अहिरवार बस्ती। एक बूथ वार्ड 37 में क्रिश्चियन क्वॉर्टर का। दो नंबर में कांग्रेस के पार्षद चिंटू चौकसे के वार्ड में 20 बूथ हैं, परंतु वे एक से ंभी कांग्रेस को जीता नहीं पाए। यहां भाजपा की बढ़त साढ़े 7 हजार वोट की थी, जबकि पाषर्द 2100 वोट से जीते थे। यहां नोटा में 4919 वोट डले।
इंदौर-3
अल्पसंख्यक वार्ड और बस्तियों में भी भाजपा ने लगाई सेंध
तीन बार के विधायक रहे कांग्रेस प्रत्याशी अश्विन जोशी को यहां अप्रत्याशित परिणाम मिले। वार्ड 46, 52 और 53 से कांग्रेस को उम्मीद थी कि कम से हारेंगे। बावजूद वार्ड 46 में करीब दो हजार, 52 में दो से ढाई हजार और 53 में 1500 से 1700 वोट से हार मिली।
   कांग्रेसी भी मानते हैं कि हरसिद्धि, चंद्रभागा, रावजी बाजार, शनि गली, मुराई मोहल्ला, नयापुरा से आशा अनुरूप बढ़त नहीं मिली।
शेखर नगर बस्ती और तोड़ा जैसे क्षेत्र भी कांग्रेस को बढ़त नहीं दिलवा पाए। हिंदू वोट सीधे बंट गए। कांग्रेस पार्षद अंसाफ अंसारी के वार्ड से 3472, तो अनवर कादरी के वार्ड से 2100 वोट की लीड जरूर मिली। बावजूद भाजपा इनमें तीन सौ से 600 वोट तक लाने में सफल रही।
इंदौर-4 : खुद के वार्ड में हारे मिंडा
जैन, अल्पसंख्यक और सिंधी वोटों को साधने का दावा करने वाली कांग्रेस यहां अल्पसंख्यक क्षेत्रों को छोड़ कहीं बढ़त नहीं बना पाई। कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश मिंडा को अपने वार्ड में 1612 वोट से हार मिली। 59 नंबर वार्ड में द्वारकापुरी सहित अन्य बस्तियों में भाजपा 7500 से जीती। सुदामा नगर में 5200, सिंधी कॉलोनी, खातीवाला टैंक में 4600, पलसीकर-प्रेम नगर में 3600, लोधीपुरा, मुकेरीपुरा, लोहार पट्टी जैसे अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र में भी भाजपा गड्ढा कम करते हुए 504 वोट से आगे रही। बंबई बाजार में जरूर कांग्रेस को 6 हजार से ज्यादा तो नूरानी नगर, गुलजार कॉलोनी में 4200  वोट मिले। स्कीम 71, गुमास्ता नगर में मिंडा को अच्छे परिणाम की अपेक्षा थी, लेकिन 4 हजार वोट से यहां भी वे पीछे रहे। वार्ड 6 में 5 हजार का गड्ढा कांग्रेस कम नहीं कर पाई।
इंदौर-5 : मोहल्ला नहीं जीत पाए संघवी
लोकसभा और मेयर चुनाव में हार के बाद जीत का विश्वास लेकर चुनाव लड़े कांग्रेस प्रत्याशी को यहां समाज और मोहल्ले का साथ भी नहीं मिला। पुराने परिचय और पैठ के दम पर जिन चार वार्डो में वे बढ़त की आस लगाए बैठे थे, पिछड़ने की शुरुआत ही वहां से हुई। भाजपा पार्षद अजयसिंह नरूका के वार्ड के तिलक नगर में भाजपा को 6300 वोट, पार्षद आशा सोनी के वार्ड में 5600, सुशीला जामले के वार्ड में 5100, दिलीप शर्मा के वार्ड में साढ़े 3 हजार की लीड मिली। यहां से कांग्रेस को बढ़त की उम्मीद थी। इन चार वार्डो में भाजपा को मिली बढ़त की भरपाई कांग्रेस आजाद नगर, खजराना से भी नहीं कर पाई।
राऊ : बिजलपुर में बराबर हुई शहर की लीड
वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में शहर के ४ में से 3 वार्डो से जीतने वाली भाजपा इस बार शहर के तीन वार्ड से जीत तो गई, लेकिन बिजलपुर के चौथे वार्ड में जाते ही उसकी लीड खत्म हो गई। अच्छी शुरुआत मिली पार्षद स्वाति शर्मा के वार्ड से। यह राजेंद्र नगर में दो हजार के करीब बढ़ी। इंद्रपुरी-विष्णुपुरी में यह गति कम हुई। वार्ड 61,59 व 56 में भाजपा को 5600 की लीड मिली। बिजलपुर वार्ड कांग्रेस का है। पिछली बार भी भाजपा के जीतू जिराती को यहां से कम वोट मिले थे। इस बार शहर की लीड ही यहां आकर खत्म हो गई। इसके बाद गांवों में पटवारी लगातार बढ़त बनाते गए। 

No comments:

Post a Comment