मध्यप्रदेश चुनाव महाकवरेज: बंदूक, बिरादरी और बागी तय करते हैं समीकरण
प्रवीण पांडे. सागर। बुंदेलखंड में कहावत है -‘बनी ने बिगाड़ी तो बुंदेला काय के’। कुछ इसी तर्ज पर क्षेत्र की राजनीति के समीकरण बनाने और बिगाड़ने में बंदूक, बिरादरी और बागी हमेशा से प्रमुख कारक रहे हैं। इस बार भी हालात जुदा नहीं हैं। बंदूक यहां की शान है। कोई भी नेता यहां अपने बंदूकधारी सहायक के बिना शायद ही दिखे। बिरादरी यानी जाति यहां की राजनीति में बड़ा महत्व रखती है। इसी तरह कांग्रेस और भाजपा के बड़े नेता यदि एक बार टिकट मांगने निकल जाएं तो फिर घर नहीं बैठते। मिला तो ठीक, नहीं तो दूसरे दल से या निर्दलीय चुनाव लड़ना तय रहता है।
जोन के तीन जिले छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना की राजनीतिक तासीर कुछ अलग है। उप्र की सीमा से सटे इन जिलों में वहां की राजनीति का असर साफ दिखाई देता है। सपा और बसपा यहां अपनी जड़ें जमा चुकी हैं। जोन के दूसरे हिस्से में सागर और दमोह जिले हैं जो कांग्रेस-भाजपा की परंपरागत राजनीति के लिए जाने जाते हैं।
पिछले चुनाव में उप्र की सीमा से लगे विधानसभा क्षेत्र पृथ्वीपुर में भाजपा प्रत्याशी को गोली मार दी गई थी। संभाग के यूपी से लगे तीन जिलों में 14 और बाकी दो जिलों में 12 सीटें हैं। 12 सीटों पर तो भाजपा-कांग्रेस में लगभग सीधा मुकाबला होता रहा है। 14 सीटों पर भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा एवं निर्दलीय जोर-आजमाइश को फिर तैयार हैं। इन सीटों के समीकरण कुछ ज्यादा उलझे हैं, इसलिए तस्वीर टिकट वितरण के बाद ही साफ हो सकेगी।
दोहरी चुनौती
राज्य सरकार में बुंदेलखंड से 7 मंत्री हैं। दमोह जिले की चार सीटों में से तीन मंत्री हैं। इन चुनावों में इन सभी को पार्टी के बाहर और भीतर, चुनौतियों से जूझना होगा। जयंत मलैया, रामकृष्ण कुसमरिया, बृजेंद्र प्रतापसिंह, रामदयाल अहिरवार, हरिशंकर खटीक और दशरथ लोधी का पार्टी में ही विरोध हो रहा है। फिलहाल पार्टी ने मंत्रियों के टिकट काटने का कोई संकेत नहीं दिया है, इसलिए इन सभी का फिर से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। हालांकि इनके मुकाबले में कांग्रेस कितने दमदार उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारती है, इस पर भी चुनावी गणित निर्भर करेगा। पवई में कांग्रेस पूर्व मंत्री मुकेश नायक को उम्मीदवार बना सकती है। जबेरा में कांग्रेस स्व. रत्नेश सालोमन की बेटी तान्या या प्रतापसिंह लोधी को मौका दे सकती है।
-------------------------------------------------------------------------------------
सामने आ सकते हैं नए चेहरे
छतरपुर: भाजपा ने यहां 3 सीटें जीती थी। भाजश की रेखा यादव और निर्दलीय मानवेंद्र सिंह के पार्टी में आने से उसके पास अब 5 सीटें हो गई हैं। राजनगर से कांग्रेस के विधायक विक्रमसिंह फिर चुनाव मैदान में होंगे। बिजावर से आशारानी की जगह पार्टी उनके पिता जुझार सिंह बुंदेला, सांसद जितेंद्र सिंह या मानवेंद्र सिंह को मौका दे सकती है। कांग्रेस नितिन चतुर्वेदी या जगदीश शुक्ला को मैदान में उतार सकती है। महाराजपुर से भाजपा के पुष्पेंद्र उर्फ गुड्डन पाठक को फिर टिकट मिलने की संभावना है। कांग्रेस से राजेश महतो व विनोद दीक्षित का नाम दावेदारों में है। चंदला से भाजपा रामदयाल अहिरवार को फिर टिकट दे सकती है। कांग्रेस में हरप्रसाद अनुरागी का नाम सामने आया है। मलहरा से भाजपा किसी लोधी को मौका दे सकती है। छतरपुर से भाजपा विधायक ललिता यादव, पुष्पेंद्रप्रताप सिंह प्रमुख दावेदार हैं।
खाता खोलने की जद्दोजहद में कांग्रेस
दमोह: यहां भाजपा के जयंत मलैया सातवीं बार चुनाव मैदान में होंगे। कांग्रेस यहां चंद्रभान लोधी को उतारना चाहती है। पिछले चुनाव में मामला नजदीकी था, इसलिए मलैया को ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। पथरिया से रामकृष्ण कुसमरिया का मुकाबला कांग्रेस के पुष्पेंद्र हजारी, राजेश तिवारी या मनीषा दुबे में से किसी एक से हो सकता है। जबेरा से दशरथ लोधी के मुकाबले कांग्रेस तान्या सालोमन या प्रतापसिंह लोधी को मौका दे सकती है। हटा में भाजपा उमादेवी खटीक को और कांग्रेस खूबचंद तंतुवाय को मौका दे सकती है।
निर्णायक होंगे जातिगत वोट
टीकमगढ़: यहां से कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह ने पिछली बार भाजश की उमा भारती को हराया था। वे फिर मैदान में होंगे। भाजपा यहां रश्मि अशोक गोयल को टिकट दे सकती है। नपा अध्यक्ष राकेश गिरी और राजेंद्र तिवारी भी दावेदार हैं। पृथ्वीपुर से कांग्रेस बृजेंद्रसिंह राठौर को फिर टिकट दे सकती है। भाजपा यहां से स्व. सुनील नायक की पत्नी अनीता नायक को टिकट दे रही है। सपा से संजू यादव प्रत्याशी बनाए गए हैं। टीकमगढ़ जिले में कुशवाहा, यादव, रैकवार, लोधी एवं अहिरवार जाति के वोट निर्णायक साबित हो सकते हैं।
कड़े मुकाबले के आसार
सागर : रेहली, देवरी, बीना, सागर एवं नरयावली भाजपा तथा सुरखी, खुरई व बंडा कांग्रेस के पास हैं। गोपाल भार्गव के कारण रेहली सीट को भाजपा सुरक्षित मान रही है, लेकिन कांग्रेस ब्रजबिहारी पटेरिया के जरिए भार्गव को घेरने की रणनीति बना रही है। जिले में कांग्रेस और भाजपा दोनों को एक या दो सीटों का नफा-नुकसान होने पर पूरा गणित बदल जाएगा। सुरखी से कांग्रेस के गोविंदसिंह राजपूत तीसरी बार लड़ सकते हैं। खुरई से कांग्रेस के अरुणोदय चौबे दूसरी बार चुनाव मैदान में होंगे। यहां सांसद भूपेंद्रसिंह को उतार सकती है। सुरखी में भाजपा द्वारा पूर्व विधायक संतोष साहू की बेटी पारुल साहू को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। सागर से भाजपा के शैलेंद्र जैन को फिर मौका मिलने के आसार हैं। यहां कांग्रेस संतोष पांडे या स्वदेश जैन को उतार सकती है। बीना, बंडा, देवरी एवं नरयावली में दोनों दलों में प्रत्याशी चयन को लेकर घमासान जारी है।
दावेदारों की फौज
पन्ना: पिछली बार पन्ना से कांग्रेस के श्रीकांत दुबे भाजपा की कुसुम मेहदेले से सिर्फ 42 वोटों से जीते थे। इस बार दोनों फिर दावेदार हैं। भाजपा से रामअवतार पाठक और कांग्रेस में शारदा पाठक व मीना यादव भी टिकट मांग रहे हैं। पवई से बृजेंद्रप्रताप सिंह भाजपा से दोबारा चुनाव मैदान में होंगे। पिछली बार भाजश से लड़े मुकेश नायक संभवत: इस बार कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगे। गुन्नौर-अमानगंज आरक्षित सीट से भाजपा के वर्तमान विधायक राजेश वर्मा, काशी बागरी व महेंद्र बागरी दावेदार हैं। कांग्रेस से फुंदर चौधरी व आशीष बागरी को टिकट मिल सकता है।
जातीय गणित लोधी बहुल इलाके
- बंडा, देवरी, जबेरा, बड़ा मलहरा, और खरगापुर।
ब्राrाण बहुल
-सागर, पन्ना, पवई
अन्य
-निवाड़ी, पृथ्वीपुर, जतारा, चंदला में यादव, कुशवाहा, चौरसिया, रैकवार व अहिरवार समाज का प्रभाव।
सबसे अधिक, सबसे कम
2008 के चुनाव में जोन में सबसे बड़ी जीत रेहली से भाजपा के गोपाल भार्गव की (25,608 वोट से) हुई थी, जबकि सबसे कम अंतर से (42 वोट) पन्ना सीट पर कांग्रेस के श्रीकांत दुबे विजयी हुए थे।
-दमोह से जयंत मलैया मात्र 130 वोटों से चुनाव जीते थे। ञ्चदमोह की पथरिया सीट से रामकृष्ण कुसमरिया 621 वोट से।
यहां तरसी कांग्रेस
रेहली में 1985 से : यहां से भाजपा के गोपाल भार्गव 1985 से लगातार 6 बार चुनाव जीत चुके हैं।
दमोह में 1989 से: भाजपा के जयंत मलैया 1989 से 2008 तक लगातार पांच चुनाव जीत चुके हैं।
महाराजपुर आरक्षित सीट से भाजपा के रामदयाल अहिरवार लगातार पांच चुनाव जीते थे। छठी बार 2008 में सीट सामान्य होने पर निर्दलीय मानवेंद्र सिंह चुनाव जीते।
सागर में 1993 से : 1993 से सुधा जैन तीन चुनाव जीतीं। 2008 में भाजपा के ही शैलेंद्र जैन जीते।
सत्ता की चाबी पिछड़ी जातियों के पास
मनोज जोशी. भोपाल
जनगणना के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मप्र में करीब 50 फीसदी आबादी पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों की है। खास तौर से विंध्य और बुंदेलखंड में पिछड़े चुनाव परिणामों को प्रभावित करते रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश में सत्ता की चाबी पिछड़े वर्ग के पास है। करीब १क्क् सीटों पर पिछड़ी जातियों के मतदाता परिणामों को प्रभावित करने की ताकत रखते हैं।
2003 में सत्ता में आने के बाद से भाजपा के तीनों मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान पिछड़ा वर्ग से ही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के मप्र की राजनीति से दूर होने के बाद से माना जा रहा था कि लोधी वोट भाजपा से नाराज है। ऐसे में चौहान ने पिछले दिनों अपने मंत्रिमंडल में दशरथ लोधी को शामिल कर लिया, ताकि वे लोधी मतदाताओं की नाराजगी दूर कर सकें। कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में दावेदारों से लिए गए अधिकृत आवेदन में हर विस क्षेत्र के जातिगत आंकड़े भी बुलवाए हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के अध्यक्ष सरदार सिंह डंगस कहते हैं कि भाजपा और कांग्रेस दोनों का ही कल्याण पिछड़ा वर्ग के समर्थन के बिना नहीं हो सकता।
इन सीटों पर पिछड़ी जातियां प्रभावित करती हैं चुनाव परिणाम
श्योपुर, विजयपुर, मुरैना, सुमावली, जौरा, सबलगढ़, मेहगांव, ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर दक्षिण, भितरवार, सेवढ़ा, शिवपुरी, पोहरी, पिछोर, बमोरी, चांचौड़ा, राघौगढ़, चंदेरी, मुंगावली, खुरई, सुरखी, देवरी, रेहली, बंडा, टीकमगढ़, पृथ्वीपुर, निवाड़ी, खरगापुर, महाराजपुर, राजनगर, छतरपुर, विजयवाड़ा, मलहरा, पथरिया, जबेरा, पवई, पन्ना, चित्रकूट, नागौद, मैहर, रामपुर बघेलान, सिरमौर, सेमरिया, त्योंथर, मऊगंज, देव तालाब, गुढ़, सीधी, सिंगरौली, कोतमा, विजय राघवगढ़, मुड़वारा, बहोरीबंद, पाटन, बरगी, जबलपुर (पश्चिम), पनागर, जबलपुर केंट, लांजी, परसवाड़ा, बालाघाट, वारा सिवनी, कटंगी, नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा, गाडरवारा, चौरई, सौंसर, मुलताई, बैतूल, हरदा, सिवनी मालवा, सोहागपुर, उदयपुरा, भोजपुर, सिलवानी, विदिशा, सिरौंज, शमशाबाद, गोविंदपुरा, हुजूर, बुधनी, इछावर, सीहोर, नरसिंहगढ़, ब्यावरा, राजगढ़, खिलचीपुर, शाजापुर, सुसनेर, शुजालपुर, काला पीपल, हाट पिपल्या, खातेगांव, मांधाता, बड़वाह, कसरावद, खरगौन, धार, बदनावर, देपालपुर, इंदौर-5, खाचरौद, महिदपुर, उज्जैन दक्षिण, बड़नगर, जावरा, मंदसौर, सुवासरा, गरोठ, नीमच, मनासा, जावद।
अजा-अजजा की भी अहम भूमिका
प्रदेश में अजा और अजजा के वोट भी काफी महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। कभी कांग्रेस के मजबूत आधार वाली इन सीटों पर अब भाजपा बहुमत में है। कांग्रेस ने मप्र में राहुल गांधी की पहली सभा शहडोल में करके संकेत दिया है कि वह आदिवासियों के अपने खोए हुए आधार को वापस पाने की कोशिश करेगी।
----------------------------------------------------------------------------
बागियों को रोकने के लिए दिग्गी, सिंधिया और कमलनाथ का लिखित आश्वासन
अमित मिश्रा. नई दिल्ली
आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भितरघात से बचाने और बागी उम्मीदवारों को खड़े होने से रोकने के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं ने आलाकमान को लिखित आश्वासन दिया है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी को सबसे ज्यादा भितरघात की आशंका मध्यप्रदेश में है, जहां कई बड़े नेता हैं। पार्टी ने इन नेताओं खासकर दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी से इस बारे में लिखित आश्वासन लिया है।
वहीं राजस्थान में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सीपी जोशी दोनों को एकजुट होकर चुनाव लड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा इन नेताओं की ओर से भी लिखित आश्वासन हाईकमान को दिया गया है। छत्तीसगढ़ में पार्टी के लिए सिरदर्द बने अजीत जोगी ने भी हाईकमान के सामने यह सुनिश्चित किया है कि जीत के लिए सिर्फ पार्टी के उम्मीदवार की ही मदद की जाएगी और दूसरे बागी उम्मीदवारों पर अंकुश लगाने के लिए काम किया जाएगा।
सूत्रों ने साफ किया है कि अगर इस आश्वासन के बावजूद कोई भी बड़ा नेता किसी बागी उम्मीदवार की या दूसरे दल के उम्मीदवार की प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से मदद करता है और उसकी जानकारी हाईकमान को मिलती है तो पार्टी हाईकमान इन बड़े नेताओं पर कार्रवाई करेगा। सूत्रों के अनुसार, इस लिखित आश्वासन में इन नेताओं ने अपने-अपने प्रदेशों में पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए पूरी एकजुटता कायम रखने का आश्वासन भी दिया है।
---------------------------------------------------------
राहुल बताएं- मध्य प्रदेश में कौन करेगा नेतृत्व
अगले सप्ताह कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी फिर मप्र आ रहे हैं। इस बार वे बताएं कि मप्र में कांग्रेस नेतृत्वहीन रहेगी या नेतृत्वयुक्त। जनता जानना चाहती है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने कांग्रेस का चेहरा कौन होगा? इस समय कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया आदि ख्याली पुलाव पका रहे हैं। देश की जनता परिपक्व हो गई है। उसे मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।
प्रभात झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा
-------------------------------------------------------------------------
फोटो लगाकर लुभा और उकसा रहे हैं नेता
वोटरों को लुभाने के लिए पार्टियों के साथ-साथ नेता भी फेसबुक पेज पर नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। सत्तापक्ष से आगे निकलने ही होड़ में विरोधी भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अलग-अलग प्रलोभन भी दिए जा रहे हैं।
शिवराज की सभा या किसान सम्मेलन!
मप्र की चुनावी फिज़ा। एक ओर सिवनी मालवा में ज्योतिरादित्य सिंधिया के रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा तो दूसरी ओर मुयमंत्री शिवराज सिंह की भीड़ आचार संहिता के बाद पता नहीं कहां गायब हो गई।
लाइक : 3637, कमेंट : 409
रोचक कमेंट : ये किसान आंदोलन का फोटो है। कांग्रेसी हमेशा झूठ का ही सहारा लेते हैं।
नन्हा मुन्ना राही हूं
रमन सिंह के फेसबुक पेज पर चुनाव त्योहारों की शुभकामनाएं, बचपन का फोटो, मोदी का साथ, ऊर्जा की बात और नये रायपुर व विकास की तस्वीर।
बचपन की फोटो पर लाइक्स : 7817, कमेंट : 472
रोचक कमेंट : बचपन से ही अनुशासित सिपाही।
श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे गहलोत
चुनावी सरगर्मी के बीच जोधपुर में भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर जगन्नाथ पुरी जाने वाले श्रदलुओं की भीड़ थी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उन्हें विदा करने पहुंच गए। कुछ के वे गले मिले।
लाइक : 697, कमेंट : 38
रोचक कमेंट : जबर्दस्ती।
-------------------------------------------------------------------
पॉलिटिकल ट्रेंड : कार्यकाल पूरा किया तो अगली बार घर बैठ गए
यज्ञदत्त परसाई : धार
धार विधानसभा सीट का ट्रेंड दिलचस्प है। यहां जो विधायक पांच साल पूरे कर लेता है, अगले चुनाव में जनता उसे घर बैठा देती है। वापसी या तो अगले चुनाव में या फिर कभी नहीं। मप्र गठन के बाद से आज तक यह ट्रेंड कायम है।
पिछला चुनाव रहा दिलचस्प
विधानसभा चुनाव 2013 में इस ट्रेंड की कहानी और दिलचस्प है क्योंकि पिछले चुनाव कार्यकाल में धार ने दो विधायक देखे हैं। और दोनों ने ही पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है। पौन पांच साल नीना वर्मा ने यह कुर्सी संभाली तो दो-ढाई महीने बालमुकुंदसिंह गौतम ने।
दिग्गज हार गए अपने अगले चुनाव में
धार की राजनीति के दिग्गज कहे जाने वाले वसंतराव प्रधान, विक्रम वर्मा, सुरेंद्रसिंह नीमखेड़ा सहित तमाम विधायक जनता की इस पांच सालाना गाज का शिकार बन चुके हैं। जसवंतसिंह राठौर का मामला ऐसा रहा कि उन्होंने रिकॉर्ड जीत दर्ज की, लेकिन अगली बार पार्टी ने टिकट काट दिया।
अधूरा कार्यकाल रहा तो हुए रिपीट
धार के इस ट्रेंड को कोई नहीं बदल पाया है। इतना जरूर है कि विक्रम वर्मा जरूरत लगातार एक से अधिक बार विधायक बने लेकिन यह भी तभी हुआ जब-जब उन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया। जब भी वे पांच साल विधायक रहे तो अगली बार हार गए।
---------------------------------------------------------------------------
नाराजगी
सेंधवा के झोपाली गांव का हर वोटर दबाएगा नोटा बटन
बड़वानी। बड़वानी जिले में सेंधवा के झोपाली गांव के मतदाताओं ने फैसला लिया है कि इस बार वे किसी भी उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे। हर वोटर नोटा (नन ऑफ द अबव) बटन दबाएगा। वजह यह है कि गांव में विकास के कार्य नहीं हुए हैं और कई समस्याएं हैं। झोपाली के विजय जाधव और मुकेश परमार ने बताया कि गांव की खस्ताहाल सड़क, राशन कार्ड न बनाए जाने और अन्य सरकारी योजना का लाभ न मिलने की शिकायत कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की थी। शिकायत के बावजूद वे उदासीन बने हुए हैं। इन सबसे परेशान होकर सभी ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया है।
------------------------------------------------------------------------------
टिकट के दावेदारों के बीच मध्यस्थ भी सक्रिय
भोपाल. कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की भीड़ के बीच नेताओं का एक समूह अपने आप ही मध्यस्थ की भूमिका निभाने लगा है। ये मध्यस्थ दावेदारों की प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं और एआईसीसी के पदाधिकारियों से मुलाकात कराने में लगे हैं। वे टिकट दिलवाने तक की गारंटी ले रहे हैं।
इन्हें दिल्ली में कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं के बंगले पर पैरवी करते देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के लिए परदे के पीछे काम करने वाली टीम के एक सदस्य भी दिल्ली में यही काम कर रहे हैं। भूरिया के करीबी होने के कारण उनके आसपास दावेदारों की भीड़ भी लगना स्वाभाविक है। खबर है कि भूरिया को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने इन नेताजी की अपने बंगले में एंट्री बंद करवा दी है।
No comments:
Post a Comment