Wednesday, 30 October 2013

नर्मदा की धार पर पुरानी नावें

सुधीर व्यास | Oct 29, 2013, 08:47AM IST
 
नर्मदा की धार पर पुरानी नावें
होशंगाबाद. नर्मदा जोन के तीनों जिलों में अधिकांश सीटों पर पुराने चेहरे ही फिर मैदान में नजर आने की संभावना बन रही है। हालांकि यहां भाजपा के 9 विधायकों में से दो के टिकट कट सकते हैं। वनमंत्री सरताज सिंह को लेकर भी संशय बरकरार है। एक अन्य विधायक का पार्टी के भीतर विरोध होने के कारण टिकट कटने की संभावना बन रही है। भाजपा ने प्रत्याशी घोषित होने से पहले बैतूल में कार्यालय खोल लिए हैं।  वहीं कांग्रेस ने मुलताई और भैंसदेही में वर्तमान विधायकों को फिर से टिकट देने के साफ संकेत दिए हैं। जोन में कांग्रेस के पास सिर्फ दो सीट होने से उनके पास खोने को ज्यादा कुछ नहीं है, इसलिए वह मौजूदा विधायकों के अलावा पुराने मंत्री और पूर्व विधायकों पर विश्वास जता सकती है।
होशंगाबाद जिला
सरताज को लेकर संशय बरकरार
यहां चारों सीटों पर भाजपा का कब्जा। सिवनीमालवा में पार्टी को एक राय बनाने में पसीना आ रहा है। स्थानीय प्रत्याशी की मांग को लेकर कार्यकर्ता एक पखवाड़े से भोपाल के चक्कर लगा रहे हैं। कांग्रेस यहां हजारीलाल रघुवंशी या उनके बेटे ओम रघुवंशी को टिकट दे सकती है। भाजपा वनमंत्री सरताज सिंह को ही उतारने का मन बना रही है, लेकिन संशय बरकरार है। होशंगाबाद सीट से भाजपा ने पुराने चेहरे गिरिजाशंकर शर्मा को ही टिकट देने के संकेत दिए हैं।
इस सीट की विशेषता रही है कि 35 साल से ब्राह्मण ही यहां विधायक बने हैं। पार्टी भले ही कोई भी रही हो। कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदार भोपाल-दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। कांग्रेस से रवि जायसवाल, डॉ. राजेश शर्मा व माणक अग्रवाल दावेदार हैं। सोहागपुर में भाजपा विजयपाल को टिकट दे सकती है, लेकिन यहां स्थानीयता का मुद्दा उठ रहा है। कांग्रेस पूर्व विधायक सविता शर्मा को मैदान में उतारकर भाजपा की गुटबाजी का लाभ उठाने की कोशिश कर सकती है। पिपरिया से भाजपा ने फिर ठाकुरदास नागवंशी को उतारने के संकेत दिए हैं तो कांग्रेस यहां रमेश वामने या ममता नागौत्रा को आजमा सकती है।
जोन में कौन-सी सीट किस वर्ग के लिए
सामान्य        होशंगाबाद, सोहागपुर, सिवनीमालवा, बैतूल, हरदा, मुलताई
एससी आमला, पिपरिया
एसटी   घोड़ाडोंगरी, भैंसदेही, टिमरनी

बैतूल जिला: मुलताई दोनों दलों के लिए सिरदर्द
जिले की पांच सीटों में से तीन पर भाजपा और दो पर कांग्रेस काबिज है। कांग्रेस ने बाबा रामदेव के खिलाफ प्रदर्शन कर माहौल गरमा दिया है। बैतूल सीट पर भाजपा प्रत्याशी बदल रही है। हेमंत खंडेलवाल को मैदान में उतारने के संकेत हैं। कांग्रेस भी नए चेहरे हेमंत वागद्रे या निलय डागा को मौका दे सकती है। भाजपा से राजीव खंडेलवाल भी दावेदारी दिखा रहे हैं। मुलताई में कांग्रेस वर्तमान विधायक सुखदेव पांसे को ही मैदान में उतारेगी। यहां भाजपा 20 साल से जीत के लिए तरस रही है।
कुनबी वोटर अधिक होने के कारण भाजपा समाज की लता मस्की को आजमा सकती है। मुलताई में निर्दलीय भी दम दिखा सकते हैं। यहां चार बार से ज्यादा निर्दलीय प्रत्याशी विधायक बने हैं। आमला में तो भाजपा के पास पुराने चेहरा चेतराम मानेकर हैं। कांग्रेस में जरूर हलचल मची है। यहां पूर्व विधायक सुनीता बेले या नपाध्यक्ष मनोज मालवे को टिकट मिल सकता है। कमलनाथ की राय को तरजीह मिलेगी। घोड़ाडोंगरी में भाजपा विधायक गीता उइके या पूर्व विधायक सज्जन सिंह उइके को तो कांग्रेस पूर्व मंत्री प्रताप सिंह उइके को आजमा सकती है। भैंसदेही में कांग्रेस ने वर्तमान विधायक धरमूसिंह सिरसाम को लड़ाने के संकते दिए हैं, लेकिन भाजपा पसोपेश में है।

हरदा जिला
कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती
जिले में दो सीटें हरदा और टिमरनी हैं। दोनों ही भारतीय  जनता पार्टी के पास हैं। कांग्रेस में उथल-पुथल ज्यादा, भाजपा कुछ आश्वस्त नजर आ रही है। इस बीच पिछले दिनों खिरकिया मामले में नेताओं की भूमिका भी चर्चाओं में है। भाजपा हरदा से कमल पटेल को ही टिकट देने की तैयारी में नजर आ रही है। कांग्रेस दो दावेदारों पर गौर कर रही है। एक, पिछली बार पार्टी की ओर से चुनाव लड़कर हार चुके हेमंत टाले और दूसरे, आरके दोगने।
पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर खड़े हुए कांग्रेस के बद्री पटेल ने समीकरण बिगाड़ दिए थे। उन्होंने कांग्रेस के बहुत वोट काटे थे। इस बार भी पार्टी को ऐसे ही किसी निर्दलीय का डर सता रहा है। टिमरनी विधानसभा सीट आरक्षित है। यहां पिछली बार संजय शाह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीते थे, लेकिन अब वे भाजपा में हैं। पार्टी उन्हीं को टिकट देने के संकेत दे चुकी है। इस सीट पर कांग्रेस किसी दमदार चेहरे की तलाश में है। यहां कांग्रेस पिछले २क् साल से विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाई है। 

No comments:

Post a Comment