मालवा में बागियों की भरमार, दोनों पार्टियों में टिकट को लेकर घमासान
प्रशांत कालीधार | Oct 27, 2013, 04:28AM IST
इंदौर. 26 सीटें। दौड़-भाग कर रहे हैं 126 दावेदार। कभी भोपाल तो कभी दिल्ली। कोई मंत्री-विधायक का टिकट कटवाने की तैयारी में तो किसी को नए चेहरे पसंद नहीं आ रहे। टिकट मिलने के पहले ही भितरघात के बीज पड़ना शुरू हो गए। भाजपा में डेमेज कंट्रोल के लिए संघ को आगे आना पड़ा है। इंदौर-1 में चार नेताओं की खुली ‘बगावत’ के बाद संघ और संगठन ने बात संभाली। धार, झाबुआ और आलीराजपुर में संघ तारणहार की भूमिका में आगे आया है। झगड़े कांग्रेस में भी हो रहे हैं। इंदौर में सीडी के जरिए ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ का खेल हो रहा है। इंदौर-1, इंदौर-5, देपालपुर, देवास, खातेगांव, झाबुआ में दावेदारों के विवादों से पार्टी नेता परेशान हैं।
इंदौर जिला
असंतुष्ट बनाएंगे रोचक मुकाबला
तीन दिन पहले राहुल गांधी की सभा के बाद अब रविवार को मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे, लेकिन यहां माहौल तेजी से बदल रहा है। इंदौर-1 में भाजपा और कांग्रेस दोनों को भितरघात की चिंता सता रही है। इंदौर-2 और इंदौर-4 में कांग्रेस निश्चिंत हैं, लेकिन भाजपा में परिवार-मोह का पेंच फंसा है। इंदौर-2 से कैलाश विजयवर्गीय, रमेश मेंदोला व आकाश विजयवर्गीय के नाम हैं। इंदौर-4 से मालिनी गौड़ व पुत्र एकलव्य के बीच फैसला होना है। इंदौर-5 में दोनों दलों के असंतुष्ट मुकाबले को रोचक बना सकते हैं। सांवेर में कांग्रेस मौजूदा विधायक तो भाजपा नया चेहरा उतारने वाली है।
आलीराजपुर जिला
धर्मातरण का पर्चा भाजपा सांसत में
जिले का बड़ा हिस्सा नर्मदा से जुड़ा है। रेत माफिया खासे सक्रिय हैं। कुछ सीधे पार्टी से जुड़े हैं तो कुछ की नेताओं के साथ बैठक है। जोबट में कुछ लोगों ने नया पांसा फेंका है। वनवासी अंचल में बढ़ते धर्मातरण के मुद्दे को आंकड़ों के साथ हवा देने की कोशिश की जा रही है। इससे भाजपा नेता ही सांसत में हैं। पार्टी के ही एक दावेदार पर सवाल उठे हैं। लिखा गया कि- वोट देते समय गरीबों का सब्सिडी वाला अनाज, मध्याह्न् भोजन, बच्चों की साइकिल, गणवेश में कमीशन और पार्टी के नए-पुराने कार्यकर्ताओं को अपमानित करने वाले शख्स का खास ध्यान रखें.। यहां से कांग्रेस विधायक सुलोचना रावत भी बेटे को चुनाव लड़ते देखना चाहती हैं।
धार जिला कुनबे पर संघ की नजर
जिले में भाजपा की हालत देख आएसएस को आगे आना पड़ रहा है। धरमपुरी, मनावर और कुक्षी में दावेदारों की स्थिति भांपने के बाद संघ के कार्यकर्ताओं को पार्टी के लोगों से चर्चा करना पड़ी। एक धड़ा इस बात पर अड़ गया कि विधायक रंजना बघेल को अपने गृहक्षेत्र भेजा जाए और नए चेहरे को मैदान में उतारा जाए। इस तरह की बैठकें धरमपुरी में भी हो रही हैं। इन तीन सीटों पर कांग्रेस के पास मजबूत नाम हैं। बदनावर और सरदारपुर में भी कांग्रेस विधायकों को ही दोबारा टिकट मिलने की संभावना है। भाजपा के पास यहां 6 से 8 नामों में से किसी एक को चुनना चुनौती है।
झाबुआ जिला
झगड़े से दो धड़ों में बंटी राजनीति
झाबुआ विधायक जेवियर मेड़ा का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया समर्थक जिलाध्यक्ष से हुआ झगड़ा तूल पकड़ चुका है। कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई है। खुद के खिलाफ एफआईआर होने के बाद से मेड़ा दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। विधायक से खफा भूरिया की भतीजी कलावती भी दिल्ली में टिकट के लिए खम ठोंक आई हैं। झगड़ा कांतिलाल के बेटे विक्रांत के टिकट को लेकर भी है। विक्रांत भले ही मना कर चुके हैं, लेकिन परिवार उन्हें थांदला से लड़ते देखना चाहता है जबकि विधायक वीरसिंह भूरिया मैदान छोड़ने को राजी नहीं है। भाजपा में झाबुआ, पेटलावद और थांदला में संगठन और प्रभावशाली लोगों के बीच दावेदार फंसे हुए हैं।
इन 5 सीटों पर रोचक मुकाबला
इंदौर-3
इसे कठिन सीट बताकर चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं कैलाश विजयवर्गीय। देखना होगा- उन्हें यहां से टिकट मिलेगा या फिर दोबारा महू जाना पड़ेगा? इंदौर-3 से टिकट मिला तो फिर महू से कौन लड़ेगा?
इंदौर-5
महेंद्र हार्डिया का स्वभाव घाघ राजनेताओं जैसा नहीं है। इंदौर-5 में कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार को भाजपा के एक धड़े का साथ मिल सकता है। भितरघात की आशंका कांग्रेस में भी है।
धार
पत्नी नीना की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा चुनाव लड़ते हैं तो सीट जीतना आसान होगा? वर्मा धार से चार बार जीते और दो बार चुनाव हारे हैं। 1998 में वे 147 वोट से हारे थे, उस समय वर्मा ने सीएम बनने का सपना देखा था
मनावर
यहां से विधायक रंजना बघेल हटना नहीं चाहतीं, लेकिन कुक्षी में पार्टी के पास मजबूत उम्मीदवार का अभाव। कुक्षी से पति मुकामसिंह को संगठन टिकट नहीं देने की बात दोनों को बुलाकर पहले ही समझा चुका है। रंजना को कुक्षी से उम्मीदवार बनाया जाता है तो मुकाबले पर सबकी नजर रहेगी।
झाबुआ
झाबुआ की राजनीति में दिलीपसिंह और उनकी बेटी निर्मला भूरिया बड़े नाम हैं। निर्मला पिता की मदद के बावजूद पिछला चुनाव जीत नहीं पाईं। इस बार का चुनाव पिता-पुत्री के राजनीतिक भविष्य के लिए बेहद अहम।
देवास जिला
होने लगी नोटा की बात, स्थानीय चेहरे पर जोर
जिले के पांच विधायकों में एक को भाजपा आराम देगी। हालांकि इस पर केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लगना शेष है। पिछली रिपोर्ट में हमने आपको बताया था कि पार्टी एक विधायक का टिकट काटने की तैयारी में है। खातेगांव से नए चेहरे को मैदान पकड़ने के संकेत मिल चुके हैं। यहां कांग्रेस 15 साल का वनवास खत्म करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाने के मूड में है। व्यवसायी ललित राठौर का कहना है कि स्थानीय व्यक्ति को आसानी से परेशानी समझाई जा सकती है।
ऐसा उम्मीदवार नहीं मिला तो इस बार नोटा का बटन तो है ही.। हाटपिपल्या सीट ही ऐसी थी जहां भाजपा पिछली बार कम वोटों से चुनाव जीती। इससे कांग्रेस को उम्मीद बंधी, लेकिन मोहम्मद वसीम जैसे मतदाता कहते हैं-पार्टी कोई भी चलेगी, लेकिन पुराना चेहरा बिल्कुल नहीं। सोनकच्छ से कांग्रेस सांसद सज्जन वर्मा को उतार सकती है। देवास में कांग्रेस से मनोज राजानी, जयसिंह व रेखा वर्मा टिकट की जुगत में हैं। तुकोजीराव पंवार के बजाय भाजपा उनकी पत्नी को टिकट दे सकती है।
No comments:
Post a Comment