Thursday, 24 October 2013

राजकुमार-राजकुमारियां अपनी सत्ता कायम करने उतरेंगे।

भोपाल। राजशाही भले ही भारत की स्वतंत्रता के साथ खत्म हो गई हो, लेकिन पूर्व राजघरानों के राजकुमार और राजकुमारियां राजनीति में उतरकर उनकी प्रजा पर राज करने को तैयार हैं। चुनाव 2013 में राजस्थान और मध्यप्रदेश से कई पूर्व राजकुमार-राजकुमारियां अपनी सत्ता कायम करने उतरेंगे।
इनमें से जयपुर की 42 वर्षीय राजकुमारी दीया कुमारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से चुनावी जंग खेलने को तैयार है। दीया ने सितम्बर में नरेन्द्र मोदी की जयपुर रैली से भाजपा ज्वाइन की है। दीया की दादी रानी गायत्री देवी ने 1962 से 1971 तक जयपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। अब देखने वाली बात यह है कि दीया अपनी दादी की तरह लोगों का दिल जीत पाती है या नहीं। देखने वाली बात यह भी है कि वह दिसम्बर में विधानसभा चुनाव में खड़ी होती हैं या फिर 2014 के लोकसभा चुनाव में।
राजस्थान के शाही परिवारों की लिस्ट में से राजनीति में उतरने वाले लोगों में से यहां की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का राजनीतिक जीवन उपलब्घियों से भरा है। वसुंधरा के दम पर भाजपा प्रदेश में पहली बार 2003 में पूर्ण बहुमत से आई। वह ना केवल प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं, वल्कि पूर्व राजघराने से सीएम बनने वाली पहली महिला भी बनी।
वसुंधरा राजे मध्यप्रदेश के ग्वालियर राजघराने की वंशज हैं। वसुंधरा का विवाह राजस्थान के धौलपुर राजघराने में हुआ। राजे के पुत्र दुष्यतं सिंह भी 2003 से धौलपुर से जीत रहे हैं। यह सीट वसुंधरा के मुख्यमंत्री बनने के बाद रिक्त हुई थी।
पूर्व अलवर राजघराने के जितेन्द्र सिंह 1998 से 2008 तक अलवर शहर सीट से दो बार जीते हैं। 2009 में जितेन्द्र ने लोकसभा सीट भी जीती और वर्तमान में केंन्द्रीय राज्य मंत्री हैं। उनकी पत्नी अम्बिका सिंह ने चुनावों के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई है। इस बार कयास लगाया जा रहा है कि अलवर विधानसभा सीट से उनको टिकट मिले।
बीकानेर के पूर्व राजघराने की वंशज सिद्धी कुमारी को वसुंधरा राजे राजनीति में लेकर आई। 2008 में सिद्धी ने बीकानेर विधानसभा चुनाव जीता। बीकानेर के पूर्व महाराज स्वर्गीय नरेन्द्र सिंह की बेटी सिद्धी इस बार भी चुनावी जंग में कूदने को तैयार है।
इनके अलावा राजस्थान के पूर्व राजघराने के राजनीतिक व्यक्तित्वों में भरतपुर के विश्वेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी दिव्या हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में ये दोनों पति-पत्नी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पूर्व जोधपुर राजघराने की वंशज चन्द्रेश कुमारी ने 2009 के लोकसभा चुनावों में जोधपुर से खड़ी हुई और जीती। बाद में उन्हें केंन्द्रीय मंत्री बनाया गया। कोटा के पूर्व राजघराने के युवराज इजयराज सिंह ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर सीट जीती।
मध्यप्रदेश का राजनीतिक इतिहास पूर्व राजघराने के नेताओं से भरा पड़ा है। ग्वालियर राजघराने का सिंधिया परिवार पीढ़ीयों से यहां के राजनीतिक परिदृश्य पर छाया हुआ है। यह परिवार हमेशा चुनाव जीता है चाहे वह किसी पार्टी के टिकट पर खड़े हों या फिर निर्दलीय।
इनकी पकड़ यहां पर इतनी मजबूत है कि यशोधरा राजे सिंधिया ग्वालियर से भाजपा की सांसद हैं। वहीं, उनका भतीजा ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से कांग्रेस सांसद है।
इसके अलावा एक और ऎसी लोकसभा सीट है जहां से पूर्व राजघराने के वंशजों का एकछत्र राज है। यह है राघोगढ़ की सीट। कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह और उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह इसी राजघराने से हैं। दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्घन सिंह ने भी कांगे्रस ज्वाइन कर ली है।
कांग्रेस विधायक प्रिर्यवर्त सिंह पूर्व राजघराने किलचीपुर से हैं। वहीं, छतरपुर के महाराजा कुंवर विक्रम नाटी राजा राजनगर सीट से विधायक हैं। भोपाल सेंट्रल सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले भाजपा विधायक ध्रुव नारायण सिंह रामपुर बाघेलन राजपरिवार से हैं।




No comments:

Post a Comment