Thursday, 24 October 2013

मप्र चुनाव महाकवरेज : दिग्गजों के महाकौशल में नए चेहरों की तलाश


1 of 3 Photos
मप्र चुनाव महाकवरेज : दिग्गजों के महाकौशल  में नए चेहरों की तलाश
राजेश शर्मा.जबलपुर. महाकौशल जोन की आधी से ज्यादा सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है। पिछले चुनाव में जोन की 38 में से 23 सीटें भाजपा ने जीती थी, जबकि कांग्रेस को 15 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर और सिवनी जिले में कांग्रेस के मात्र एक-एक विधायक हैं। डिंडोरी जिले में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है। इस चुनाव में दोनों पार्टियों की नजर आदिवासी वोटों पर है। गौंडवाना गणतंत्र पार्टी के बिखराव के बाद पिछले चुनाव में आदिवासी वोटों का भी विभाजन हो गया था और उसे एक भी सीट नहीं मिली थी। इस जोन में 30 फीसदी यानी 24 लाख आदिवासी मतदाता हैं, जो चुनावी समीकरण में भारी उलटफेर का माद्दा रखते हैं।
महाकौशल में भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही पार्टियों को नए चेहरों की तलाश है। भाजपा तीन बार चुनाव जीत चुके विधायकों पर फिर दांव खेलने का जोखिम नहीं उठाना चाहती। इसी तरह कांग्रेस भी दो-तीन बार चुनाव हार चुके प्रत्याशियों को फिर से मैदान में उतारने के बजाय अन्य विकल्पों पर विचार कर रही है। शिवराज सरकार में इस जोन से दो कैबिनेट मंत्री अजय विश्नोई व गौरीशंकर बिसेन और दो राज्यमंत्री देवीसिंह सैयाम व नानाभाऊ मोहोड़ हैं। कांग्रेस के विक्रम सिंह को 12 हजार 404 वोट से हराकर जबलपुर की पाटन सीट पर कब्जा करने वाले विश्नोई को इस बार जिले की अन्य किसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी का विस क्षेत्र भी इसी जोन में है। साथ ही जोन में केंद्रीय मंत्री कमलनाथ का भी खासा प्रभाव है। उनके संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा से वर्तमान में सात में से तीन सीटें (छिंदवाड़ा शहर, जुन्नारदेव और चौरई) कांग्रेस के पास हैं। कांग्रेस इस बार कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ को चौरई से टिकट देने पर विचार कर रही है। भाजपा जुन्नारदेव सीट से पूर्व राज्यसभा सदस्य अनुसुईया उइके को उतारने पर विचार कर रही है। फिलहाल इस सीट से कांग्रेस के तेजीलाल सरयाम विधायक हैं। इसी तरह भाजपा सांसद केडी देशमुख को एक बार फिर बालाघाट की कटंगी सीट से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है। हालांकि देशमुख पिछला चुनाव यहां से कांग्रेस के विश्वेश्वर भगत से 2,411 वोट से हार गए थे। भाजपा इसी जिले की वारा सिवनी सीट से मुख्यमंत्री के साले संजय सिंह को लड़ाने पर भी विचार कर रही है। इस सीट पर कांग्रेस के प्रदीप जायसवाल लगातार तीन बार चुनाव जीतते आ रहे हैं। कांग्रेस से यह सीट छीनने के लिए आरएसएस के तीन वरिष्ठ पदाधिकारियों ने यहां सितंबर में ही डेरा डाल लिया था।
ग्राउंड रिपोर्ट
महाकौशल जोन
8 जिले 38 सीटें
जबलपुर-8 (पाटन, बरगी, जबलपुर पूर्व, जबलपुर उत्तर, जबलपुर केंट, जबलपुर पश्चिम, पनागर, सिहोरा).
कटनी-4 (बड़वारा, विजयराघवगढ़, मुड़वारा, बहोरीबंद).
डिंडोरी-2 (शहपुरा, डिंडोरी). मंडला-3 (मंडला, बिछिया, निवास). बालाघाट-6 (बैहर, लांजी, परसवाड़ा, बालाघाट, वारासिवनी, कटंगी). सिवनी-4 (बरघाट, सिवनी, केवलारी, लखनादौन). छिंदवाड़ा-7 (जुन्नारदेव, अमरवाड़ा, चौरई, सौंसर, छिंदवाड़ा, परासिया, पांढुर्ना).
नरसिंहपुर-4 (गोटेगांव, तेंदूखेड़ा, नरसिंहपुर, गाडरवारा)

आदिवासी वोट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों की नजर
जबलपुर वर्तमान विधायकों के टिकट को लेकर संशय
रोहाणी की केंट सीट छोड़कर अन्य छह सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को लेकर संशय। जबलपुर मध्य से शरद जैन और पश्चिम से हरेंद्रजीत सिंह बब्बू लगातार तीन चुनाव जीते। अब पार्टी में उन्हें  बदलने की मांग। पशुपालन मंत्री अजय विश्नोई पाटन सीट छोड़कर मध्य सीट से लड़ना चाहते हैं। कांग्रेस में फिलहाल जबलपुर पूर्व को छोड़कर अन्य सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर असमंजस।
सबसे कम अंतर से जीत- जबलपुर पूर्व 6,702 वोट
छिंदवाड़ा भाजपा पर एंटी इन्कम्बेंसी का साया

छिंदवाड़ा को संभागीय मुख्यालय बनाने की घोषणा पूरी न होने से एंटी इन्कम्बेंसी का साया मंडरा रहा है। अभी अमरवाड़ा, सौंसर, परासिया और पांढुर्ना सीट पर भाजपा का कब्जा है। छिंदवाड़ा शहर, चौरई और जुन्नारदेव सीट पर कांग्रेस काबिज। लोगों में दोनों ही पार्टियों के विधायकों के प्रति नाराजगी है। ऐसे में दोनों पार्टियां यहां नए चेहरों की तलाश में जुटी हैं।

सबसे कम अंतर से जीत- परासिया 93 वोट
नरसिंहपुर भाजश के कारण हारी थी भाजपा

पिछले चुनाव में यहां भाजपा की हार का कारण भाजश रही थी। कांग्रेस के सुनील जायसवाल ने भाजपा के अश्विनी धौरेलिया को 8,199 वोट से हराया था। भाजश के जालिम सिंह को 26,553 वोट मिले थे। अब भाजपा इन वोटों को अपना मान रही है। जिले में गोटेगांव को छोड़कर अन्य तीनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों को लेकर असमंजस है। गोटेगांव से एनपी प्रजापति  विधायक हैं।

सबसे कम अंतर से जीत- गाडरवारा 6,103 वोट
मंडला दो सीटों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
शिवराज सरकार में राज्यमंत्री देवी सिंह सैयाम को मंडला से फिर टिकट मिलने की उम्मीद। लेकिन अन्य दो सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं। बिछिया सीट पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा। यहां से कांग्रेस के नारायण सिंह पट्टा ने पंडित सिंह धुर्वे को 5,170 वोट से हराया था। निवास से भाजपा के रामप्यारे कुलस्ते ने कांग्रेस के पतिराम पंद्रे को 3,649 वोट से हराकर जीती थी।
सबसे कम अंतर से जीत- निवास 3,649 वोट
कटनी उम्मीदवार बदलने
की मांग पकड़ रही जोर
कटनी शहर से भाजपा विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार को फिर से टिकट दिए जाने का विरोध। यहां से कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए संदीप जायसवाल की प्रबल दावेदारी। बड़वारा से विधायक मोती कश्यप की जगह सतना सांसद गणोश सिंह को लड़ाने पर विचार। विजयराघवगढ़ में कांग्रेस विधायक संजय पाठक की टक्कर में पदमा शुक्ला को उतारा जा सकता है।

सबसे कम अंतर से जीत- बहोरीबंद 1,674 वोट

बालाघाट बीएसपी ने बिगाड़ा था कांग्रेस का गणित
बालाघाट से भाजपा के गौरीशंकर बिसेन की जीत में बसपा के राजेश पाठक की अहम भूमिका रही। उन्होंने कांग्रेस के वोट काटे थे। इस बार बीएसपी द्वारा उम्मीदवार बदले जाने से  भाजपा को नुकसान संभव। जिले में भाजपा की नजर परसवाड़ा पर है। पहली बार 2008 में यह सीट भाजपा के पास आई। यहां से कंकर मुंजारे की पत्नी अनुभा कांग्रेस के टिकट पर लड़ने की तैयारी में हैं।

सबसे कम अंतर से जीत- कटंगी 2,411 वोट
सिवनी जमानत भी नहीं
बचा पाई थी कांग्रेस
सिवनी में भाजपा की नीता पटेरिया ने निर्दलीय दिनेश राय को 12,484 वोट से हराया था, जबकि कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई थी। हालांकि इस बार नीता के स्थान पर नरेश दिवाकर को टिकट देने की मांग हो रही है। कांग्रेस से मोहन चंदेल, राजा बघेल और सुदेश पासा भी दावेदारी कर रहे हैं। हरवंश सिंह की मृत्यु होने से खाली हुई केवलारी से उनके पुत्र रजनीश दावेदारी कर रहे हैं।

सबसे कम अंतर से जीत- लखनादौन 4,998 वोट
डिंडोरी खाता खोलने के लिए जोर लगाएगी भाजपा
डिंडोरी से कांग्रेस के ओमकार सिंह मरकाम ने भाजपा के ओमप्रकाश धुर्वे को हराया था। इस बार भी धुर्वे को टिकट देने की तैयारी है, लेकिन जातिगत आधार पर उनका विरोध हो रहा है। कांग्रेस से ओमकार सिंह के अलावा नन्हें सिंह ठाकुर भी दावेदारी ठोंक रहे हैं। शहपुरा सीट पर कांग्रेस विधायक गंगाबाई उरैती बेटी कृष्णा को चुनाव मैदान में उतारना चाहती हैं।
सबसे कम अंतर से जीत- शहपुरा 19,935 वोट
संघ नेताओं की शरण में चित्रकूट पहुंचे कैलाश
प्रशांत कालीधार. इंदौर. भाजपा में टिकटों को लेकर मची खींचतान के बीच मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला और जीतू जिराती अचानक चित्रकूट जा पहुंचे। रविवार और सोमवार का पूरा दिन उन्होंने चित्रकूट के पं. दीनदयाल शोध संस्थान में बिताया और संस्थान प्रमुख अभय महाजन से भी चुनावी परिदृश्य पर चर्चा की। तीनों ही इन दिनों टिकटों को लेकर चिंता में हैं।
विजयवर्गीय महू से चुनाव लड़ने का मन नहीं बना पा रहे हैं और संगठन उन्हें दूसरी सीट से लड़ाने को राजी नहीं दिखता। वहीं जिराती की सीट राऊ पर सांसद सुमित्रा महाजन के बेटे मंदार की नजर पड़ गई है। जिराती समर्थक इससे चिंता में हैं। हालांकि विधायक मेंदोला का मसला थोड़ा जुदा है, विजयवर्गीय के बेटे आकाश के लिए इंदौर-2 से भी टिकट मांगा जा रहा है। यहीं से मेंदोला विधायक हैं और ऐसे में वे कहां जाएंगे, यह बड़ा सवाल है? जानकारों का कहना है कि इन सारी चिंताओं का उपाय पाने के लिए ही विजयवर्गीय साथी विधायकों के साथ संघ नेताओं की शरण में पहुंचे। संघ के सरकार्यवाह सुरेश (भैयाजी) जोशी भी संस्थान में आए हुए थे। चर्चा है तीनों नेताओं ने उनसे भी मुलाकात की।
जोन में सबसे अधिक वोट से जीत
32,840 वोट डिंडोरी से कांग्रेस के ओमकार सिंह मरकाम
सबसे कम मतों से जीत
93 वोट छिंदवाड़ा की परासिया सीट से भाजपा के ताराचंद बावरिया
38 में से 13 आदिवासी सीटें हैं, जिसमें से 9 पर बीजेपी और 4 पर कांग्रेस का कब्जा है।

No comments:

Post a Comment