Thursday, 24 October 2013

आदत में गालियां, फितरत में गोलियां, संकट सिर्फ वोट का


आदत में गालियां, फितरत में गोलियां, संकट सिर्फ वोट का
ग्वालियर. ग्वालियर- चंबल जोन की सियासत की जंग में इस बार मोर्चे पर एक तरफ हैं महाराज यानी ज्योतिरादित्य सिंधिया, विरासत में मिली राजनीति को आगे बढ़ाते। केंद्र सरकार के मंत्री और मप्र कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष। दूसरी ओर हैं भाजपा के नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभात झा, कप्तान सिंह सोलंकी जैसे क्षत्रप। राजनीति के घुमावदार गलियारों से होकर सत्ता के रथ पर चढ़े। और दस साल में क्षत्रप बन बैठे। मुकाबला इन्हीं चेहरों के बीच में हैं। इनमें कौन, कितनी सीटें जीतेगा, यह इनके लिए नाक का सवाल है।
2008 के चुनाव में जोन की कुल 20 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस को आठ-आठ सीटें मिली थीं। बाकी चार सीटें बसपा की झोली में गई थीं।  यहां भिंड और मुरैना का अपना चरित्र है। गाली यहां की बोली में आदतन शुमार है और गोली फितरत में। बात-बात में - हम मुरैना के हैं, और - जै भिंड है, यहां के लोगों की जुबान पर रहता है। यहां लोग उसी नेता को दमदार मानते हैं, जो उन्हें बंदूक का लाइसेंस आसानी से दिलवा दे। यहां वोटिंग के दौरान गोलियां भी चलती हैं।
भाजपा और कांग्रेस ने अभी टिकट घोषित नहीं किए हैं, इससे पहले ही जूते ( गोहद में भाजपाइयों के बीच) चलने लगे हैं।  2008 में मुरैना में चुनावी हिंसा में 26 मुकदमे दर्ज हुए थे। आधा दर्जन लोग घायल और 7 केंद्रों पर री-पोल। पिछली बार 340 अति संवेदनशील मतदान केंद्र थे, इस बार 414 हैं। भिंड जिले के अटेर में 21 और लहार में 19 मामले दर्ज हुए थे, 12 बाकी अन्य सीटों पर। इस बार 1260 मतदान केंद्रों में से 639 अति संवेदनशील हैं।
कुल 20 सीटों में से 8-8 पर भाजपा-कांग्रेस और 4 पर बसपा
जौरा में भाजपा का जोर नहीं
जौरा सीट पर भाजपा अब तक नहीं जीती। सबलगढ़ सीट पर कांग्रेस का कब्जा है, यहां से कांग्रेस दोबारा सुरेश चौधरी को ही आजमाएगी, भाजपा शायद मेहरबान रावत को। बसपा छोड़कर भाजपा में आए परसराम मुदगल को कहां से टिकट मिलेगा, तय नहीं है। मुरैना में भाजपा रुस्तम सिंह को टिकट देने की तैयारी में है। कांग्रेस से यहां राकेश मावई या आशा मावई के नाम पर विचार हो रहा है। भाजपा दिमनी और अम्बाह में चेहरे बदल सकती है।
चुनौतियों का सामना माई की कृपा
ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा पहले सीट बदलने की सोच रहे थे। अब वे दतिया से ही लड़ेंगे। उन्हें भरोसा है कि मां पीतांबरा की कृपा से वे जीत लेंगे। कांग्रेस यहां  राजेंद्र भारती या मुरारी लाल गुप्ता के नाम पर विचार कर रही है। भांडेर में भाजपा का चेहरा बदलने की संभावना है, तो कांग्रेस की स्थिति अस्पष्ट। सेंवढ़ा में भाजपा फिर पुराना चेहरा दोहरा सकती है तो कांग्रेस घनश्याम सिंह को।
कुनबे की कलह विकल्प की तलाश
भिंड में कांग्रेस को चौधरी राकेश सिंह के विकल्प की तलाश है तो भाजपा को कुनबे की कलह का भय। यहां भाजपा में नरेंद्र सिंह कुशवाह और रामलखन सिंह की दावेदारी है। २क्क्८ में नरेंद्र ने सपा से चुनाव लड़ा और भाजपा के रामलखन चौथे नंबर पर थे। मेहगांव में भाजपा से  मुकेश चौधरी की चर्चा है। कांग्रेस यहां रायसिंह भदौरिया या ओपीएस भदौरिया पर विचार कर रही है। गोहद में भाजपा में लालसिंह आर्य और कांग्रेस में रणवीर जाटव का विरोध हो रहा है। अटेर में सत्यदेव कटारे के सामने भाजपा के अरविंद भदौरिया आ सकते हैं।
सीट बदलने के बाद भी रहेगी चुनौती
ग्वालियर पूर्व से मंत्री अनूप मिश्रा इस बार भितरवार जा रहे हैं। यहां से पार्टी के पूर्व विधायक बृजेंद्र तिवारी तैयारी में लगे हैं। ग्वालियर पूर्व में कांग्रेस से मुन्नालाल गोयल का नाम तय माना जा रहा है। भाजपा से यहां विवेक शेजवलकर सामने आ सकते हैं। ग्वालियर ग्रामीण से भाजपा में ध्यानेंद्र सिंह व माया सिंह के नाम चर्चा में हैं। कांग्रेस में यहां गुर्जर समाज से कई दावेदार हैं। 2008 में यहां बसपा के मदन कुशवाह जीते थे, वे फिर मैदान में हैं। ग्वालियर में कांग्रेस के प्रद्युम्न तोमर के सामने भाजपा के जयभान सिंह पवैया होंगे। दक्षिण में भाजपा से मंत्री नारायण सिंह का नाम तय है।
सबसे ज्यादा अंतर से जीत
दतिया जिले की भांडेर सीट पर भाजपा के आशाराम अहिरवार 20,098 वोटों से जीते थे

No comments:

Post a Comment