भोपाल. युवाओं के बंपर वोट के चलते विभिन्न राजनीतिक दलों के युवाओं को इस बार उम्मीद है कि टिकट वितरण में उन्हें तवज्जो दी जाएगी। प्रदेश में इस बार 18 से 19 साल के 23 लाख और 20 से 29 साल के 1 करोड़ 40 लाख से अधिक मतदाता हैं, ऐसे में राजनीतिक दलों के लिए इस बार इन युवा दावेदारों को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
अभी तक यही होता रहा है कि हर पार्टी टिकट वितरण से पहले युवाओं को अधिक से अधिक मौका देने का दावा तो करती है, लेकिन अंतिम समय में दिग्गजों की भीड़ में ये दावेदार बहुत पीछे छूट जाते हैं। हालांकि इस बार यूथ फैक्टर के चलते पार्टियां भी युवाओं को मौका देना चाहती हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया कहते हैं कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रभाव से युवाओं का कांग्रेस के प्रति रुझान बढ़ रहा है। ऐसे में हम युवाओं को ज्यादा से ज्यादा टिकट देने का प्रयास करेंगे।
यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्षों की क्या हैं उम्मीदें
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य को उम्मीद है कि 30 से अधिक टिकट भाजयुमो के खाते में आ सकते हैं वहीं एबीवीपी प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि इस बार पार्टी युवाओं को मौका देगी। सूत्रों के अनुसार एबीवीपी के तीन से चार दावेदारों को टिकट मिलने की उम्मीद है। वहीं यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने संगठन को जो नाम भेजे हैं उनमें से उन्हें लगभग 20 से अधिक नामों को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का मानना है कि कम से कम दो से तीन विधानसभा टिकट तो इस बार एनएसयूआई की झोली में गिर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment