Saturday, 26 October 2013

कांग्रेस आलाकमान के आसरे, भाजपा नए चेहरों के सहारे

भगवान उपाध्याय | Oct 26, 2013, 07:41AM IST
 
EmailPrintComment
कांग्रेस आलाकमान के आसरे, भाजपा नए चेहरों के सहारे
भोपाल. भोपाल जोन की 25 में से 8 सीटों पर भाजपा के विधायकों के टिकट कट सकते हैं। कांग्रेस ने 6 में से 5 विधायकों को वापस मौका देने के संकेत दिए हैं। कुछ मौजूदा विधायकों का विरोध देखते हुए भाजपा ने उनके स्थान पर नए चेहरे उतारने का फैसला किया है और यही जीत के लिए पार्टी की नई रणनीति है। टिकट को लेकर कांग्रेस में भाजपा से कम उथल-पुथल है। कांग्रेस में टिकट के दावेदारों से कहा जा रहा है- सबकुछ आलाकमान तय करेगा।
भोपाल : चेहरे बदलेंगे तभी जीत
जिले की सात विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए भाजपा में सबसे ज्यादा खींचतान चल रही है। कारण यह कि सात में से छह सीटों पर इसी पार्टी का कब्जा है। कांग्रेस के पास यहां खोने के लिए कुछ नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर गोविंदपुरा सीट से मैदान में उतरने को तैयार हैं। गौर लगातार दसवां विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्हीं के शब्दों में- मैं तो जनता का सेवक हूं..शायद यह मेरा अंतिम चुनाव हो..। भोपाल जिले की ही बैरसिया सीट से  मौजूदा विधायक ब्रrानंद रत्नाकर को दोबारा टिकट देने पर पुनर्विचार करना पड़ रहा है, क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता ही उनका विरोध कर रहे हैं। उनके स्थान पर भोपाल के एक पूर्व पार्षद ने दावेदारी की है। लेकिन स्थानीय कार्यकर्ता उन्हें बाहरी बता रहे हैं। उधर कांग्रेस यहां से स्थानीय व्यक्ति की बजाय भोपाल के ही किसी सक्षम नेता को टिकट दे सकती है।
भोपाल दक्षिण-पश्चिम से भाजपा ने विधायक उमाशंकर गुप्ता और नरेला से विश्वास सारंग को फिर से दोहराने के संकेत दे दिए हैं। कांग्रेस दक्षिण-पश्चिम सीट पर कायस्थ वोटों के मद्देनजर संजीव सक्सेना या मोनू सक्सेना को आजमा सकती है। नरेला से मनोज शुक्ला, कैलाश मिश्रा और सुनील सूद कतार में हैं। भाजपा में हुजूर और मध्य सीट से मौजूदा विधायकों के बदले जाने की चर्चा है। भोपाल मध्य से भाजपा ने बीडीए अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह को लड़ाने के संकेत दिए हैं। कांग्रेस से पीसी शर्मा उनके सामने हो सकते है। भोपाल उत्तर सीट से भाजपा किसी उम्रदराज व्यक्ति पर दांव खेल सकती है। इनमें एक हिंदू नेता और एक मुस्लिम नेता के नाम की चर्चा है। अपने संभावित प्रतिद्वंद्वी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस विधायक आरिफ अकील कहते हैं- सामने कोई भी आ जाए, जो मिला उसी को मुकद्दर समझ लिया।
जोन की 25 में से 19 सीटें भाजपा और 6 कांग्रेस के पास
भोपाल जोन की पिछली रिपोर्ट में आपने भोपाल, राजगढ़, सीहोर, विदिशा और रायसेन जिले की 25 विधानसभा सीटों के पुराने चुनावी नतीजों का विश्लेषण और रोचक तथ्य पढ़े। अब इन सीटों पर टिकट के लिए किस-किसके बीच जोर आजमाइश चल रही है, चुनावी माहौल पर लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की क्या राय है, पढ़िए इस रिपोर्ट में-
सीहोर
उम्मीदवार कोई भी, वोट शिवराज को
जिले की चार सीटों में से सबसे ज्यादा मशक्कत सीहोर सीट पर है। यहां भाजपा के रमेश सक्सेना शायद इस बार चुनाव मैदान से बाहर रहें। उनके स्थान पर उनकी पत्नी को टिकट मिल सकता है। कांग्रेस से प्रमोद पटेल को टिकट मिलने के आसार हैं। इछावर में भाजपा के करण सिंह वर्मा का मुकाबला कांग्रेस के शैलेंद्र पटेल से हो सकता है। उधर आष्टा से भाजपा के रणजीत सिंह गुणवान का मुकाबला कांग्रेस के गोपाल सिंह इंजीनियर से हो सकता है। खाचरोद के युवा वोटर विजय गुप्ता कहते हैं- यहां से भाजपा किसी को भी टिकट दे, जनता तो शिवराज के नाम पर वोट देगी। बुधनी में कांग्रेस के पास मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का कोई तोड़ नहीं। यहां के विजयशंकर श्रीवास्तव कहते हैं- शिवराज ने इतने काम कराए हैं कि उन्हें कोई भूल ही नहीं सकता। मुख्यमंत्री के गृहनगर जैत के महेंद्र सिंह बताते हैं कि इस बार शिवराज की जीत का अंतर बढ़ेगा। शाहगंज के राकेश भार्गव कहते हैं कि शिवराज का यहां कोई विकल्प नहीं है।
विदिशा
राघवजी के विकल्प की तलाश
पांच चुनाव देख चुके विदिशा के शैलेंद्र दुबे के अनुसार यह पहला मौका है, जब इलाके में इतना सन्नाटा है। यौन शोषण के आरोप में भाजपा से बाहर हुए राघवजी का विकल्प तलाशने के लिए पार्टी को मशक्कत करनी पड़ रही है। भाजपा पूर्व सांसद रामपाल सिंह या मुकेश टंडन को उतार सकती है। वहीं कांग्रेस किसी अनुभवी नेता को टिकट दे सकती है। गंजबासौदा से भाजपा को मौजूदा विधायक हरीसिंह रघुवंशी को लेकर नेगेटिव फीडबैक मिला है। उनके स्थान पर विहिप के एक नेता को तैयार रहने के लिए कहा गया है। यहां से कांग्रेस किसी रघुवंशी या ब्राrाण उम्मीदवार को टिकट देगी। कुरवाई में भाजपा मौजूदा विधायक हरीसिंह सप्रे को ही उतार सकती है, वहीं कांग्रेस किसी महिला उम्मीदवार को उतारेगी। सिरोंज में भाजपा लक्ष्मीकांत शर्मा को लेकर बेफिक्र है तो कांग्रेस दिग्विजय सिंह की पसंद को तरजीह देगी। शमशाबाद में भाजपा सूर्यप्रकाश मीना और कांग्रेस रुद्र प्रताप सिंह को मौका दे सकती है। 
राजगढ़
एक-एक प्रत्याशी बदलेगा
जिले की नरसिंहगढ़ सीट से भाजपा विधायक मोहन शर्मा के खिलाफ दो बार प्रदेश कार्यालय में प्रदर्शन हो चुका है लेकिन प्रदर्शन करने वाले पहचाने जा चुके हैं, इसलिए शीर्ष नेतृत्व ज्यादा चिंतित नहीं है। कांग्रेस पुराने प्रत्याशी गिरीश भंडारी को दोहराएगी। ब्यावरा से कांग्रेस विधायक पुरषोत्तम दांगी का टिकट कट सकता है क्योंकि यहां रोटेशन के हिसाब से दूसरे समाज को मौका मिलेगा। भाजपा सौंधिया समाज (9-10 हजार वोट) या गुर्जर समाज (15-16 हजार वोट) को मौका देने पर विचार कर रही है राजगढ़ से कांग्रेस मौजूदा विधायक हेमराज कल्पोनी को उतारेगी जबकि भाजपा नए चेहरे को। खिलचीपुर में कांग्रेस प्रियवृत को दोहराएगी। यहां से भाजपा में कैडर बेस्ड या बाहरी नेता पर खींचतान जारी है। पहले कांग्रेस से और बाद में बसपा से चुनाव लड़ चुके एक नेता ने यहां भाजपा से दावेदारी की है। इसी तरह सारंगपुर से कांग्रेस ने एक पूर्व विधायक को टिकट देने के संकेत दिए हैं तो भाजपा मौजूदा विधायक गौतम टेंटवाल की जगह नए चेहरे पर दांव लगा सकती है।
रायसेन
सिलवानी पर सबकी निगाह
सांची से कांग्रेस के पास विधायक प्रभुराम चौधरी के अलावा दूसरा नाम नहीं है। भाजपा अंतद्र्वद्व में है। रायसेन के नन्हे खां चुनावी चटखारे लेते हुए कहते हैं- यहां से एक न एक डॉक्टर ही जीतेगा। दरअसल, यहां कांग्रेस के डॉ. प्रभुराम चौधरी और भाजपा के डॉ. गौरीशंकर शेजवार अक्सर आमने-सामने होते हैं। उदयपुरा से कांग्रेस मौजूदा विधायक भगवान सिंह राजपूत को फिर मौका देगी, जबकि भाजपा जातिगत वोटों को ध्यान में रखते हुए पुराने उम्मीदवार को ही दोहरा सकती है। भोजपुर से भाजपा के सुरेंद्र पटवा दोबारा जनता के बीच घूमने लगे हैं।
कांग्रेस के राजेश पटेल और गौरव पचौरी के नाम दावेदारों में शामिल हैं। जिले में सबसे रोचक मुकाबले के आसार सिलवानी सीट पर नजर आ रहे हैं। यहां भाजपा के रामपाल सिंह बार-बार इलाके में दिखाई दे रहे हैं। पिछले चुनाव में जीतने वाले भारतीय जनशक्ति के देवेंद्र पटेल कहने को तो भाजपा में आ चुके हैं लेकिन क्षेत्र के नेताओं के साथ वे कभी भी मंच पर दिखाई नहीं दिए। भाजपा छवि के आधार पर टिकट देती है तो रामपाल सिंह को किसी अन्य सीट पर भेजा जाएगा। भाजपा में शिखरचंद्र जैन के साथ उमा भारती कोटे से देवेंद्र पटेल का नाम भी दावेदारों में है।
दोनों पार्टियों के जिलाध्यक्ष दावेदार
भोपाल जिले में भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों ने टिकट के लिए दावेदारी की है। भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक शर्मा को पार्टी ने पहले भोपाल उत्तर से उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन अब उन्होंने हुजूर सीट से टिकट मांगा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पीसी शर्मा भोपाल मध्य से टिकट मांग रहे हैं।

No comments:

Post a Comment