Friday, 25 October 2013

राजा-महाराजा के सामने अपने ही गढ़ में बढ़त बनाने की चुनौती

राजीव शर्मा | Oct 25, 2013, 07:13AM IST
 
EmailPrintComment
राजा-महाराजा के सामने अपने ही गढ़ में बढ़त बनाने की चुनौती
ग्वालियर-चंबल।  ग्वालियर-चंबल जोन-2 की राजनीति कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ( महाराज) और राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ( राजा) के इर्द-गिर्द घूमती है। लिहाजा, भाजपा ने इन दिग्गजों को उन्हीं के घर में घेरने की रणनीति बनाई है। यही वजह है कि जोन में शिवपुरी जिले की तीन सीटों- पोहरी, कोलारस और करेरा में दोनों पार्टियां पहली बार जातिगत वोटों को ध्यान रखते हुए दांव लगाने की तैयारी में हैं। कांग्रेस के राजा और महाराजा पर इस जोन में कांग्रेस की झोली में ज्यादा से ज्यादा सीटें डालने की जिम्मेदारी है। 
 
मुंगावली से भाजपा के विधायक राव देशराज सिंह, केंद्रीय मंत्री सिंधिया को पहले ही खुली चुनौती दे चुके हैं। राघौगढ़ में भाजपा को मजबूत उम्मीदवार की तलाश है। यहां दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। भाजपा यहां से धाकड़ जाति के उम्मीदवार को टिकट देकर मुकाबला कड़ा करना चाहती है। जोन की आधी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही हैं, ऐसे में बसपा को इसका लाभ मिल सकता है। भाजपा के लिए पिछोर, राघौगढ़, चांचौड़ा और विजयपुर सीटें जीतना कठिन चुनौती है। अशोकनगर की पिछोर सीट पर 20 साल से कांग्रेस का कब्जा है। वहीं श्योपुर में भाजपा का खाता खुलना अभी बाकी है। पिछले चुनाव में गुना में कांग्रेस के पास दो और भाजपा व भाजश के पास एक-एक सीट गई थी।
 
यशोधरा मैदान से हटीं तो कांग्रेस को हो सकता है फायदा
शिवपुरी, पोहरी, कोलारस व करेरा सीट भाजपा के पास है, जबकि पिछोर कांग्रेस के। भाजपा सांसद यशोधरा राजे भी पिछले विस चुनाव के मुकाबले इस बार कम सक्रिय नजर आ रही हैं। इसका फायदा कांग्रेस को मिल सकता है। पिछोर में भाजपा को अब भी मजबूत उम्मीदवार की तलाश है। पोहरी में विधायक प्रहलाद भारती, कोलारस विधायक देवेंद्र जैन व करेरा विधायक रमेश खटीक का पार्टी में ही जबरदस्त विरोध है। कोलारस के भाजपा विधायक पर तो कार्यकर्ता कांग्रेस को संरक्षण देने का आरोप प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के सामने लगा चुके हैं।
 
जनता ने हर बार बदला चेहरा 
शिवपुरी की पोहरी व श्योपुर विधानसभा सीट पर कोई विधायक लगातार दो बार नहीं जीता। यहां की जनता ने हर बार चेहरा बदल दिया। श्योपुर के कांग्रेस विधायक बृजराज सिंह चौहान व पोहरी के भाजपा विधायक प्रहलाद भारती के सामने इस बार यह रिकॉर्ड तोड़ने का भी दबाव रहेगा।
 
तीनों सीटों पर भाजपा, कांग्रेस को खाता खुलने का इंतजार 
जिले की तीनों सीटें भाजपा के कब्जे में हैं, लेकिन इस बार कांग्रेस भी यहां पूरा जोर लगा रही है, खासकर मुंगावली की सीट पर। मुंगावली से विधायक देशराज सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है। सिंधिया ने भी इसे प्रतिष्ठा की सीट मानते हुए जावरा विधायक महेंद्र सिंह कालूखेड़ा को मुंगावली से उतारने की तैयारी कर ली है। चंदेरी में भाजपा विधायक राव राजकुमार सिंह के विरोध के चलते उनको टिकट मिलने में संशय है। कांग्रेस ने अभी यहां से टिकट तय नहीं किया है। अशोकनगर में भाजपा से विधायक लड्डू राम कोरी का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। 
 
23 साल से नहीं जीती कांग्रेस
अशोकनगर में भारतीय जनता पार्टी को घेरने में कांग्रेस अब तक नाकाम रही है। 1977 में कांग्रेस के महेंद्र सिंह कालूखेड़ा व 1985 में कांग्रेस के रवींद्र सिंह के बाद 23 साल से कांग्रेस यहां जीत नहीं पाई है। यहां वर्ष 1990 के बाद से एक बार बहुजन समाज पार्टी और चार बार भाजपा काबिज हुई।
 
श्योपुर में भाजपा में फूट, विजयपुर में विकल्प की तलाश
श्योपुर में भाजपा दो गुटों में बंट चुकी है। पार्टी नेताओं ने भाजपा से टिकट के दावेदार पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विजयपुर में भाजपा के पास विकल्प की कमी है। पिछली बार भाजपा ने सीताराम आदिवासी को टिकट दिया था, लेकिन फिर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसकी वजह यह थी कि कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने आदिवासियों के वोटों में सेंध लगा दी थी। इस बार भी भाजपा के लिए यहां कांग्रेस के परंपरागत आदिवासी वोटों में सेंध लगाना मुश्किल होगा। 
 
अंदरूनी कलह से नुकसान
करेरा, पोहरी, कोलारस व श्योपुर में भाजपा व कांग्रेस में आपसी कलह है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने वर्तमान विधायकों का खुलकर विरोध किया। शिकायत भोपाल तक पहुंची। जिन सीटों पर भाजपा का कब्जा नहीं है, वहां दावेदारों के खिलाफ भी पार्टी कार्यकर्ता मोर्चा खोल चुके हैं। कांग्रेस को भी भितरघात के कारण काफी नुकसान हुआ।
 
 
गुना में दोनों पार्टियां उतार सकती हैं नए चेहरे
राघौगढ़ से दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। चाचौड़ा से लक्ष्मण सिंह के लड़ने की चर्चा है। यदि वे नहीं लड़े तो चार बार से विधायक शिवनारायण मीणा ही कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। भाजपा भी यहां से मीणा को ही टिकट देने का मन बना रही है। गुना व बमोरी में स्थिति साफ नहीं है। गुना में भाजपा-कांग्रेस दोनों के पास विकल्प नहीं है। इसलिए दोनों पार्टी यहां से नया चेहरा उतार सकती हैं। बमोरी में मंत्री केएल अग्रवाल किरार वोटों के सहारे राह आसान करने में जुटे हैं।
 
राघौगढ़ जीतना भाजपा के लिए चुनौती  
गुना जिले की राघौगढ़ सीट जीतना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। यहां 1977 से कांग्रेस जीतती रही है। यहां वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान को 21,164 वोटों से हराया था।
 
2008 के चुनाव में
जोन में सबसे छोटी जीत
शिवपुरी के कोलारस के भाजपा विधायक देवेंद्र जैन ने कांग्रेस के राम सिंह यादव को २३८ वोटों से हरा दिया था। 
 
 
जोन में सबसे बड़े अंतर से जीत
शिवपुरी के पिछोर कांग्रेस विधायक केपी सिंह ने भाजपा के भैयासाब लोधी को २६८३५ वोटों से हराया था। 
 
भाजपा-कांग्रेस का जातिगत दांव
सीट मतदाता जातिगत वोट
पोहरी २.क्८ लाख ३क् हजार धाकड़ (किरार)
कोलारस 2.10 लाख 35 हजार यादव
चंदेरी 1.67 लाख 30 हजार यादव
मुंगावली 1.81 लाख 48 हजार यादव
चांचौड़ा 1.95 लाख 55 हजार मीणा
विजयपुर में 2.03 लाख 51 हजार आदिवासी और 20 हजार रावत

No comments:

Post a Comment