एक ही सीट से एक के बाद एक जीते तीन भाई
राजकुमार प्रजापति | Oct 27, 2013, 12:15PM IST
सागर. सागर की नरयावली ऐसी सीट है जहां से तीन सगे भाई एक के बाद एक चुनाव लड़े और जीते। इस सीट की खास बात यह है कि पिछले आठ चुनावों में यहां से कोई भी उम्मीदवार लगातार दूसरी बार नहीं जीत पाया। 1977 से अस्तित्व में आई इस सीट के शुरुआती तीन चुनावों में तीन भाई जीते।
1966 में लीलाधर खटीक, 1980 में उत्तमचंद खटीक और 1985 में लोकमन खटीक कांग्रेस के टिकट पर विजयी रहे। लगातार दूसरी बार कोई भी प्रत्याशी यहां से नहीं जीता। जनता ने यहां से हर बार नए उम्मीदवार को ही जिताया। जब भी यहां से प्रत्याशी रिपीट हुआ, हारा ही।
जैसे - 1990 में भाजपा के टिकट से जीते नारायण प्रसाद कबीरपंथी को 1993 में भी टिकट मिला, लेकिन वे कांग्रेस के प्यारेलाल चौधरी से हार गए। 1998 में कांग्रेस विधायक बने सुरेंद्र चौधरी ने 2003 में भी किस्मत आजमाई, लेकिन उन्हें भाजपा के नारायण कबीरपंथी से हार का सामना करना पड़ा। 1977 से अब तक इस सीट से 5 बार कांग्रेस और तीन बार भाजपा का विधायक चुना गया। यहां से भाजपा के वर्तमान विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया दूसरी बार चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
नरयावली से अब तक रहे विधायक
1977 लीलाधर खटीक कांग्रेस
1980 उत्तमचंद खटीक कांग्रेस
1985 लोकमन खटीक कांग्रेस
1990 नारायण कबीरपंथी भाजपा
1993 प्यारेलाल चौधरी कांग्रेस
1998 सुरेंद्र चौधरी कांग्रेस
2003 नारायण कबीरपंथी भाजपा
2008 इंजीनियर प्रदीप लारिया भाजपा
इस बार वोटर लिस्ट में छह एनआरआई भी
विदेश में बसे भारतीय मूल (एनआरआई) के छह लोग भी मप्र विस चुनाव में पहली बार मतदान कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने 2010 में एनआरआई को यहां वोट डालने का अधिकार दिया था। इसके बाद राज्यों में तैयार हुई मतदाता सूचियों में एनआरआई के नाम जोड़े जाने का सिलसिला शुरू हुआ। इसी श्रंखला में मप्र में इस साल 24 जुलाई के बाद तैयार हुई मतदाता सूची में 6 एनआरआई के नाम जोड़े गए हैं। इन मतदाताओं ने बाकायदा 6 (ए) फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जड़वाया है। इन 6 मतदाताओं में दो-दो ग्वालियर, बालाघाट और एक-एक इंदौर और सीहोर से हैं।
सूची में एनआरआई वोटर का पहला नाम इंदौर से मोहम्मद इफ्तेखार खान का जुड़ा। इसके बाद प्रमोद कुमार पुत्र श्याम लाल और शशि किरन पत्नी प्रमोद कुमार का नाम ग्वालियर जिले की सूची में शामिल हुआ। अभिलाषा तांबे पुत्री सुशील कुमार तांबे और आरपी तांबे पुत्र सुशील कुमार तांबे का नाम बालाघाट की सूची में है। सीहोर जिले की सूची में यूलिया विश्वकर्मा का नाम है।
No comments:
Post a Comment