भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा खतरा दावेदार थे, अब भितरघाती
योगेश मिश्रा | Oct 30, 2013, 07:42AM IST
अंबिकापुर. संभाग की 14 सीटों में अधिकांश में कड़ा मुकाबला है। जिन सीटों पर टिकट के ज्यादा दावेदार थे वहां भितरघात होगी। जशपुर जिले में तो गणोश राम भगत की खुली बगावत है। हालांकि स्वयं उन्होंने अभी तक निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात नहीं कही है। हिंदू उरांव समाज के वोट गणोश राम भगत की ताकत है। इनके सहारे वे जशपुर जिले के अलावा सरगुजा जिले की सीतापुर व लुंड्रा सीट पर भी भाजपा के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।
सीतापुर में तो भाजपा को स्थानीय नेताओं के असंतोष से जूझना होगा। कोरिया जिले की मनेंद्रगढ़ सीट के अलावा, सूरजपुर जिले की प्रेमनगर, भटगांव व बलरामपुर जिले की सामरी सीट पर भी भाजपा को भितरघात का अंदेशा है। उधर कांग्रेस के सामने भी प्रेमनगर व भटगांव में भितरघात की चुनौती है। प्रेमनगर सामान्य सीट से पूर्व सांसद खेलसाय सिंह को टिकट दिए जाने से उनके भतीजे तुलेश्वर सिंह ही नाराज हैं। तुलेश्वर का हालांकि पहले जैसा जनाधार नहीं रहा। भटगांव में कांग्रेस ने पारस रजवाड़े को टिकट दिया है।
सरगुजा : भितरघात का खतरा
सरगुजा जिले की अंबिकापुर सीट को छोड़कर लुंड्रा व सीतापुर में कांग्रेस को भितरघात का खतरा नहीं है। अंबिकापुर में जरूर टीएस सिंहदेव की उम्मीदवारी के कारण राजपरिवार के विरोध की राजनीति करने वाले कुछ नेता सक्रिय हो सकते हैं। यहां टीएस सिंहदेव का मुकाबला भाजपा के अनुराग सिंहदेव से है। भाजपा को भी यहां भितरघात से जूझना पड़ सकता है। भितरघात होने पर भी ज्यादा नुकसान की संभावना नहीं है। जिनसे भितरघात का अंदेशा है उनके जनाधार पर पार्टी को ही हमेशा संशय रहा है।
सूरजपुर में जाति
सूरजपुर जिले की प्रेमनगर सामान्य सीट पर आदिवासी उम्मीदवार हैं। भाजपा से रेणुका सिंह और कांग्रेस के पूर्व सांसद खेलसाय सिंह। भितरघात का डर। भटगांव में भी भाजपा ने विधायक रजनी त्रिपाठी को फिर मैदान में उतारा है। यहां से अजय गोयल दावेदारी कर रहे थे। यहां भी अंतर्कलह की स्थिति है लेकिन लगता नहीं कि इससे भाजपा को ज्यादा परेशानी होगी। अजय गोयल भाजपा के जिलाध्यक्ष हैं और वे असंतुष्ट जरूर हैं पर अपने दल के खिलाफ काम करेंगे, ऐसी संभावना नहीं है। कांग्रेस में गुटबाजी ज्यादा है। भितरघात भी तय है।
कोरिया में नाराजगी
कोरिया की मनेंद्रगढ़ सीट पर भाजपा ने नए चेहरे श्यामबिहारी जायसवाल को टिकट दिया है। इससे विधायक दीपक पटेल तो नाराज हैं ही, और कई नेताओं की नाराजगी की बात सामने आ रही है। बैकुंठपुर में भाजपा के भैयालाल राजवाड़े की भिड़ंत कांग्रेस के वेदांती तिवारी से है। कांग्रेस से यवत सिंह, योगेश शुक्ला की भी दावेदारी थी लिहाजा अंतर्कलह तय है। भरतपुरसोनहत में भाजपा विधायक फूलचंद का टिकट कटा है। यहां जातीय समीकरण ही निर्णायक हैं।
जशपुर में बगावत
भाजपा ने जशपुर व कुनकुरी के विधायकों का टिकट काटा है लेकिन उसके लिए परेशानी का कारण गणोश राम भगत हैं। वे बगावत पर उतारू हैं। भाजपा उन्हें फिर सीतापुर से चुनाव लड़ने मना रही थी लेकिन वे तैयार नहीं हुए। वे हिंदू उरांव वोटों का भाजपा को नुकसान कर सकते हैं। ये जीत या हार तय करेगा। वे निर्दलीय लड़े तो भाजपा के लिए मुसीबत ही साबित होंगे। उधर कांग्रेस को भी कुनकुरी में अंतर्कलह का सामना करना पड़ रहा है। अब्राहम तिर्की उम्मीदवार हैं और इससे ईसाई उरांव समाज के ही कुछ दावेदार नाराज हैं।
बलरामपुर : दोनों तरफ नाराजगी
रामानुजगंज सीट से मंत्री रामविचार नेताम व सामरी से संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा भाजपा के उम्मीदवार हैं। दोनों भाजपा की परंपरागत सीटें हैं। सामरी में कांग्रेस ने प्रीतमराम को मैदान में उतारा है। रामानुजगंज में स्थिति दूसरी है। यहां बलरामपुर व रामानुजगंज के स्थानीय नेताओं की नाराजगी से जूझने की चुनौती नेताम के समक्ष है। पिछले चुनाव में उनका मैनेजमेंट प्रभावी रहा है। इस बार भी वे असंतोष दूर करने सक्रियता दिखा रहे हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय को लेकर विवाद से उपजी नाराजगी से उन्हें निपटना होगा।
No comments:
Post a Comment