बागियों के कारण ये बन गए मंत्री और विधायक
अर्जुन रिछारिया | Oct 31, 2013, 10:37AM IST
भोपाल. प्रदेश में कई नेताओं को बागियों ने मंत्री और विधायक बना दिया। बागी खड़े होकर यह खुद तो नहीं जीते लेकिन दूसरों की किस्मत जरूर चमका दी। पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने के कारण कांग्रेस-भाजपा से बागी हुए नेता या तो निर्दलीय खड़े हुए या अन्य दलों में शामिल हो गए और चुनाव मैदान में उतरकर अपनी पूर्व पार्टी के प्रत्याशी की लुटिया डुबो दी। हालांकि ये खुद भी नहीं जीते लेकिन फायदा मिला तीसरे को।
विपक्षी पार्टी के बागियों के कारण ही कांग्रेस और भाजपा के कुछ नेता विधायक बने। इनमें से भाजपा के कुछ विधायक तो बाद में मंत्री भी बने। भाजपा में रामकृष्ण कुसमारिया, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और नारायण सिंह कुशवाह को विपक्षी पार्टी की बगावत से हुए फायदे के कारण ही मंत्री बनने का मौका मिला। इसी तरह कांग्रेस में कल्पना परुलेकर, निशीथ पटेल, नारायण प्रजापति, चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी विधायक नहीं बनते यदि इनके सामने भाजपा के बागी न होते।
बागी होकर निर्दलीय जीते
टिकट न मिलने से नाराज कांग्रेस व भाजपा के दो नेता निर्दलीय खड़े हुए और जीतकर पार्टी से बदला भी ले लिया। इनमें कांग्रेस से बागी पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह उर्फ भंवरराजा महाराजपुर से निर्दलीय लड़े और 19,413 वोट लेकर जीत दर्ज की। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। वहीं मंत्री विजय शाह के भाई संजय शाह बगावत कर टिमरनी से निर्दलीय खड़े हुए और 29,868 वोट के साथ जीते।
No comments:
Post a Comment