मप्र चुनाव महाकवरेज: निमाड़ में भारी अंतर से विजय की अर्चना कर रहे दोनों दल
प्रशांत शर्मा.खंडवा. निमाड़ जोन में भाजपा मौजूदा सीटों को बचाए रखने तो कांग्रेस अपनी खोई हुई साख फिर हासिल करने के लिए पूरा दमखम लगाने की तैयारी में है। दोनों प्रमुख दल उम्मीदवारों के चयन में फूंक-फूंक कर कदम उठा रहे हैं। कांग्रेस पिछली गलतियों से सबक लेकर क्षेत्र के सबसे सशक्त दावेदारों की तलाश में है ताकि निमाड़ में मौजूदा 1 सीट का आंकड़ा आगे बढ़ाया जा सके।
जोन से प्रदेश सरकार में तीन मंत्री अर्चना चिटनीस, विजय शाह, अंतरसिंह आर्य हैं, जिनके कंधों पर 16 सीटों को जिताने की जवाबदारी है। इस जोन में 9 आदिवासी सीटें हैं। शायद इसी को ध्यान रखते हुए चुनाव से ठीक पहले अंतरसिंह आर्य और विजय शाह को कैबिनेट में शामिल किया गया।
निमाड़ में कांग्रेस सांसद अरुण यादव के भरोसे मैदान में उतरने की तैयारी में है। उसके पास इस समय एकमात्र सीट पानसेमल है। शिवराजसिंह के चेहरे के दम पर भाजपा मौजूदा आंकड़े को बरकरार रखने में जुटी है। कांग्रेस सरकार के नकारात्मक वोट और खरगोन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह की ऋण माफी घोषणा (अब तक अधूरी) को मुद्दा बनाकर सीटें बढ़ाने का प्रयास करेगी।फिलहाल निमाड़ की 16 में से 15 सीटों पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस
खंडवा
सीट-4, भाजपा-4, कांग्रेस-0
प्रत्याशियों पर उलझन
खंडवा, हरसूद और मांधाता में भाजपा वर्तमान विधायकों को फिर मौका दे सकती है। पंधाना में कार्यकर्ता नए चेहरे की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ऐसे में संगठन की मुसीबत बढ़ गई है, क्योंकि यहां मजबूत प्रत्याशी का टोटा है। कांग्रेस में खंडवा और मांधाता सीटों को लेकर उलझन है। दोनों सीटों पर दावेदारों की भरमार है, लेकिन चयन मुश्किल।
बुरहानपुर
सीट-2, भाजपा-2, कांग्रेस-0
असंतुष्ट बने चुनौती
भाजपा को नेपानगर में तो कांग्रेस को बुरहानपुर में भितरघात की आशंका है। पिछली बार जीत का अंतर कम होने से नेपानगर में भाजपा प्रत्याशी चयन में ज्यादा सावधानी बरत रही है। कांग्रेस रामकिशन पटेल को फिर से टिकट दे सकती है। बुरहानपुर में भाजपा से मंत्री अर्चना चिटनीस का नाम तय माना जा रहा है। कांग्रेस में 4 दावेदार दम लगाकर ताल ठोंक रहे हैं।
बड़वानी
सीट-4, भाजपा-3, कांग्रेस-1
उतर सकते हैं नए चेहरे
बड़वानी की पानसेमल सीट पर कांग्रेस के बाला बच्चन विधायक हैं। बड़वानी, राजपुर और सेंधवा सीट पर भाजपा मौजूदा विधायकों को ही मौका दे सकती है। जीत के लिए छटपटा रही कांग्रेस की ओर से बड़वानी व पानसेमल में नए चेहरे को मौका मिल सकता है। बच्चन वर्तमान सीट पर जीत सुनिश्चित न होने की कशमकश में राजपुर से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।
उतर सकते हैं नए चेहरे
बड़वानी की पानसेमल सीट पर कांग्रेस के बाला बच्चन विधायक हैं। बड़वानी, राजपुर और सेंधवा सीट पर भाजपा मौजूदा विधायकों को ही मौका दे सकती है। जीत के लिए छटपटा रही कांग्रेस की ओर से बड़वानी व पानसेमल में नए चेहरे को मौका मिल सकता है। बच्चन वर्तमान सीट पर जीत सुनिश्चित न होने की कशमकश में राजपुर से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।
खरगोन
सीट-6, भाजपा-6, कांग्रेस-0
प्रतिष्ठा का सवाल
किसी समय सुभाष यादव का गढ़। पिछले चुनाव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए यादव खुद सीट गंवा बैठे थे। अब सांसद अरुण यादव छोटे भाई सचिन को अपनी परंपरागत कसरावद सीट से जीत दिलाने की कोशिश करेंगे। महेश्वर से विजयलक्ष्मी साधौ फिर अपने भाई देवेंद्र साधौ के टिकट के लिए अड़ी हैं। भाजपा अधिकांश सीटों पर मौजूदा विधायकों पर ही फिर दांव लगा सकती है।
इन सीटों के मुकाबले पर रहेगी सबकी निगाह
हरसूद इस सीट पर पांच बार से भाजपा के विजय शाह जीतते आ रहे हैं। इस बार कांग्रेस धार के पूर्व सांसद सूरजभानुसिंह सोलंकी को मैदान में उतारने की तैयारी में है।
कसरावद से भाजपा के आत्माराम पटेल ने 2008 में सुभाष यादव को हराया था। इसका बदला लेने के लिए कांग्रेस उनके छोटे बेटे सचिन को मैदान में उतारने की तैयारी में है।
राजपुर से भाजपा के देवीसिंह पटेल ने कांग्रेस की शकुंतला वास्कले को हराया था। इस बार पानसेमल से कांग्रेस विधायक बाला बच्चन राजपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हंै।
नई सीट से लड़ने को तैयार 11 मंत्री, दौड़ में 6 सांसद भी
अनिल गुप्ता.भोपाल. भाजपा सरकार के 11 मंत्रियों ने अपनी पुरानी विधानसभा सीट छोड़ नई सीट से टिकट की दावेदारी रखी है। इनमें से कई मंत्री ऐसे हैं, जो पिछला चुनाव काफी कम अंतर से जीते थे, जबकि कुछ को स्थानीय स्तर पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
मंत्रियों ने भाजपा हाईकमान के सामने क्षेत्र बदलने की मंशा जाहिर कर दी है। इसके अलावा 6 सांसद भी इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। एक-एक सीट पर उम्मीदवार के चयन की माथा-पच्ची में जुटी भाजपा अब यह तय नहीं कर पा रही कि किसे कहां से लड़ाया जाए? सूत्रों की मानें तो भाजपा ने यह भी क्राइटेरिया (मापदंड) तय किया है कि एक परिवार से एक को ही टिकट दिया जाएगा।
इस समय कई मंत्री ऐसे हैं जो खुद के साथ-साथ अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं। इसके अलावा ऐसे भी हैं जो पत्नी को टिकट दिलाना चाहते हैं। देखना यह है कि 25 या 26 अक्टूबर को होने वाली प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में कितने मंत्रियों के क्षेत्र बदले जाते हैं और कितनों के परिजनों को टिकट मिलता है।
इन सांसदों को चाहिए विस टिकट
सागर से सांसद भूपेंद्र सिंह एक बार फिर खुरई (सागर) विधानसभा से टिकट मांग रहे हैं। ग्वालियर से सांसद यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी विधानसभा से, टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सागर की नरयावली आरक्षित सीट से, दमोह से सांसद शिवराज सिंह लोधी ने बंडा से, सतना से सांसद गणोश सिंह ने भी रामपुर बघेलान और मैहर सीट से तथा खजुराहो से सांसद जितेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला ने बिजावर से लड़ने की मंशा जाहिर की है।
जीत की कामना से मंत्री ने कराए सवा लाख राहु-जाप
भोपाल. बुंदेलखंड और विंध्य के मंत्री इस समय जीतने के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। एक प्रभावशाली मंत्री ने हाल ही में पत्नी के साथ सवा लाख राहु-जाप कराए हैं। कार्यकर्ताओं के विरोध को थामने में यह जाप कितना असर दिखाएगा, यह तो बाद में पता चलेगा, लेकिन मंत्री जी ने राहु के जाप के बाद अब 11 पंडितों से पूजन कराने का कार्यक्रम भी रख लिया है। ये मंत्री पिछला चुनाव काफी कम अंतर से जीते थे। इसी राह पर दो कैबिनेट और एक राज्यमंत्री भी हैं। राज्यमंत्री के खिलाफ उनके विधानसभा सीट के कार्यकर्ता खुलकर आ गए हैं। विरोधियों ने तो भाजपा हाईकमान से यहां तक कह दिया कि यदि इन मंत्रीजी को फिर टिकट मिला तो वे काम नहीं करेंगे। खुद की सीट पर हो रहे विरोध से घबराए राज्यमंत्री ने हवन-पूजन शुरू कर दिया है।
यहां भाजपा ने कभी नहीं दिया महिलाओं को टिकट
उज्जैन की विस सीटों पर प्रत्याशियों के आंकड़े देखें तो पता चलता है कि भाजपा ने उज्जन जिले में कभी महिलाओं को टिकट नहीं दिया, जबकि कांग्रेस इस मामले में ज्यादा उदार नजर आती है। 1957 में कांग्रेस ने उज्जन उत्तर से कुंवर किशोरी राजदान को मैदान में उतारा, जिन्होंने निर्दलीय मसूद अहमद को हराया था। 1962 में कांग्रेस ने फिर दक्षिण क्षेत्र से हंसा बेन को टिकट दिया, उन्होंने जनसंघ के सुमेर सिंह को हराया। 1967 में हंसा बेन को उत्तर से मैदान में उतारा गया, लेकिन वे जनसंघ के महादेव जोशी से हार गईं। 1969 के उप चुनाव में भी हंसा बेन कांग्रेस की उम्मीदवार बनीं।
इसके बाद 1993 में महिदपुर से डॉ. कल्पना परुलेकर को टिकट दिया गया, वे भाजपा के बाबूलाल जैन से हार गईं। अगली बार 1998 में कांग्रेस ने उन्हें फिर आजमाया और उन्होंने जैन को हरा दिया। इसके बाद उन्हें 2008 में फिर टिकट दिया, उन्होंने भाजपा के बहादुरसिंह चौहान को हराया।
शिवराज अभी जिंदा है
फसलों को नुकसान हुआ है तो दुखी होने की जरूरत नहीं है। आचार संहिता लगी हुई है इसलिए मैं अभी कोई घोषणा नहीं कर सकता। लेकिन अपनी आंखों में आंसू मत लाना, क्योंकि शिवराज अभी जिंदा है।’
शिवराज सिंह चौहान, सीएम (सागर जिले के बंडा में एक सभा के दौरान)
सोशल मीडिया पर आक्रामक हुई भाजपा-कांग्रेस की लड़ाई
अजरुन रिछारिया. भोपाल. चुनावी तैयारियां तेज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी भाजपा और कांग्रेस की लड़ाई आक्रामक होती जा रही है। पहले दोनों ही पार्टियां सोशल मीडिया का उपयोग पार्टी के विचारों और योजनाओं के प्रचार के लिए करती थीं पर अब उनका ध्यान एक-दूसरे से आगे निकलने और जवाबी हमले तेज करने पर केंद्रित हो चुका है। सोशल मीडिया मैनेजमेंट के लिए जहां कांग्रेस ने मुंबई की एक कंपनी से अनुबंध किया है, वहीं भाजपा ने संगठन में से ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बनाई है।
हालांकि सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने पहले ही सोशल मीडिया के लिए किसी कंपनी से अनुबंध कर लिया है। भाजपा अपने हर कार्यकर्ता को सोशल मीडिया से जोड़ने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस अभी तक बड़े नेताओं के सोशल मीडिया मैनेजमेंट तक ही सीमित है। हालांकि अब भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए कुछ दिन पहले मोती लाल वोरा, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने स्वयं कई कंपनियों के प्रजेंटेशन देखे थे। अब चयनित कंपनी को भाजपा के खिलाफ सोशल मीडिया मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। दोनों ही पार्टियों ने सोशल मीडिया तैयारियों में प्रमोशन, रिसर्च, अटैक, फीडबैक और क्रिएटिविटी जैसे डिपार्टमेंट बनाए हैं।
दोनों पार्टियों की तीन स्तर पर चल रही तैयारी
भाजपा - 1. राज्यस्तरीय टीम जो सीएम के साथ ही प्रदेशस्तरीय आकउंट हैंडल कर रही है।
2. हर जिले में अलग से सोशल मीडिया मैनेजमेंट टीम
3. व्यक्तिगत स्तर पर हर विधायक, सांसद और शहर अध्यक्षों के फेसबुक, ट्विटर अकाउंट्स बनाए जा रहे हैं।
कांग्रेस - 1. प्रदेश कांग्रेस मीडिया कमेटी अध्यक्ष प्रेमचंद गुड्डू के बंगले पर वॉर रूम बनाया गया है। 12 विशेषज्ञों की टीम।
2. पीसीसी में आईटी सेल बनाया गया है।
3. इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने सोशल मीडिया मैनेजमेंट के लिए अलग टीम।
----------------------------------------------------------------
भाजपा चुनाव समिति से कुसमरिया, जटिया, मोघे की हो सकती है छुट्टी
मनीष दीक्षित. नई दिल्ली
प्रदेश में टिकट के दावेदारों के बढ़ते असंतोष को थामने के लिए भाजपा जल्द ही नई चुनाव समिति की घोषणा करने की तैयारी में है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गेहलोत, महाकौशल के कद्दावर नेता प्रहलाद पटेल, सांसद यशोधरा राजे सिंधिया और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के प्रभारी अनिल दवे के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा नागेंद्र सिंह, जयंत मलैया और कैलाश विजयवर्गीय को भी इसमें शामिल किया जा सकता हैं।
पिछली चुनाव समिति के कुछ सदस्यों को इस बार भी जगह मिलेगी। साथ ही कृष्ण मुरारी मोघे, रामकृष्ण कुसमरिया और सत्यनारायण जटिया की छुट्टी हो सकती है। पार्टी ने प्रमुख संभागों से नाम तय कर लिए हैं। रीवा संभाग से नागेंद्र सिंह, गणोश सिंह या अजय प्रताप सिंह के नाम चर्चा में हैं। जबलपुर संभाग से प्रहलाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम चल रहे हैं। सागर से मुख्यमंत्री की पसंद भूपेंद्र सिंह का नाम चल रहा हैं। उन्हें लेने का मतलब उमा भारती और जितेंद्रप्रताप सिंह बुंदेला को नाराÊा करना होगा। इस संभाग से जयंत मलैया के भी समिति में शामिल होने की प्रबल संभावना हैं। भोपाल संभाग से अनिल दवे और उज्जैन से थावरचंद गहलोत दावेदार हैं। इंदौर से विक्रम वर्मा, सुमित्रा महाजन और कैलाश विजयवर्गीय के नामों पर विचार है। ग्वालियर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के नाते प्रभात झा रहेंगे और ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव को कम करने के लिए उनकी बुआ यशोधरा राजे को शामिल किया जा सकता हैं।
--------------------------------------------------------------
उज्जैन : एक डॉक्टर की जीत पक्की
उज्जैन जिले में 1980 के बाद से सात विधानसभा सीटों में से किसी न किसी पर एक ऐसा उम्मीदवार जरूर जीतता आ रहा है, जो या तो चिकित्सा पेशे से जुड़ा हो या फिर जिसके नाम के आगे डॉक्टर लिखा हो। 1980 में उज्जैन उत्तर से डॉ. राजेंद्र जैन, 1985 में इसी सीट से डॉ. बटुकशंकर जोशी, 1990 में बाबूलाल जैन(चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े), 1993 में तराना से डॉ. माधवप्रसाद शाी, 1998 में महिदपुर से डॉ. कल्पना परुलेकर, 2003 में घट्टिया से डॉ. नारायण परमार और 2008 में फिर महिदपुर से डॉ. कल्पना परुलेकर जीतीं। इस चुनाव में घट्टिया सीट पर फिर तीन डॉक्टर टिकट के दावेदार हैं। इनमें डॉ .नारायण परमार, डॉ. प्रभुलाल जाटवा और डॉ. चिंतामणि मालवीय शामिल हैं।
आलोट : बाहरी नेताओं को ही मौका
रतलाम जिले की आलोट सीट यूं तो अजा वर्ग के लिए आरक्षित है लेकिन यहां कोई भी स्थानीय उम्मीदवार नहीं मिला। भाजपा हो या कांग्रेस दोनों ने ही बाहरी नेताओं को टिकट दिए। यहां कहावत ही बन गई कि सीट बाहरी नेताओं के लिए आरक्षित है। अपवाद केवल 1972-77 में उम्मीदवार रहे भाजपा के नवरत्न सांकला तथा ९६ में उनके पुत्र अशोक सांकला हैं। ये जीते भी। पिता-पुत्र के अपवाद को छोड़ दें तो भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों से हमेशा बाहरी नेता ही चुनाव लड़े हैं। 1 लाख 86 हजार 602 वोटर वाली आलोट सीट से स्थानीय (विधानसभा क्षेत्र) नेताओं ने टिकट के लिए हमेशा प्रयास किया पर पार्टियों से उन्हें टिकट नहीं मिला। यही कारण रहा कि विनिंग कैंडिडेट के नाम पर बाहरी नेताओं को ही मौका मिला। इस बार फिर कांग्रेस से सांसद पुत्र अजीत बोरासी (इंदौर) व भाजपा से मनोहर ऊंटवाल (बदनावर) के नाम चर्चा में हैं।
No comments:
Post a Comment