बिरादरियों पर टिकी विंध्य की विजय
bhaskar news | Oct 23, 2013, 07:22AM IST
ग्राउंड रिपोर्ट विंध्य जोन
7 जिले 30 सीटें
सतना-7 चित्रकूट, सतना, नागौद, मैहर, अमरपाटन, रामपुर बघेलान, रैगांव रीवा-८ सिरमौर, सेमरिया, त्यौथर, मऊगंज, देवतालाब, रीवा, गुढ़, मनगवॉ सीधी-४ चुरहट, सीधी, सिहावल, धौहनी सिंगरौली-३ सिंगरौली, देवसर, चितरंगी शहडोल-३ ब्यौहारी, जयसिंहनगर, जैतपुर
अनूपपुर-3 कोतमा, अनूपपुर, पुष्पराजगढ़
उमरिया-2 बांधवगढ़, मानपुर
अनिल गुप्ता
भोपाल. 2008 के विधानसभा चुनाव में विंध्य क्षेत्र की 30 में से 24 सीटें जीतने वाली भाजपा को इस बार के चुनाव में न केवल गढ़ बचाना होगा, बल्कि सीटों की संख्या भी बरकरार रखना होगी। दूसरी तरफ ‘करो या मरो’ में फंसी कांग्रेस के लिए पिछले दो बार (2003-08) से मिल रही हार को जीत में बदलना अहम चुनौती रहेगी। बसपा हर बार की तरह चुनावी समीकरण बिगाड़ने की तैयारी कर चुकी है।
विंध्य क्षेत्र में पिछले कई चुनावों से जातिगत समीकरण हावी रहे। कभी ब्राrाण तो कभी ठाकुर रीवा-सतना में हावी रहे। सवर्णो में वैश्य और पिछड़ा वर्ग से कुर्मी भी लगातार दस्तक देते दिखाई दिए। 2003 के चुनाव में 28 में से 18 सीटें भाजपा के खाते में थीं। 2008 में यह आंकड़ा बढ़कर 30 में से 24 हो गया। इसी कारण भाजपा ने सरकार में विंध्य से चार मंत्री लिए। इनमें पीडब्ल्यूडी मंत्री नागेंद्र सिंह, श्रम मंत्री जगन्नाथ सिंह, ऊर्जा मंत्री राजेंद्र शुक्ल और राज्यमंत्री जयसिंह मरावी शामिल हैं। कांग्रेस ने अजय सिंह को नेता प्रतिपक्ष बनाकर विंध्य को तवज्जो दी तो श्रीनिवास तिवारी, इंद्रजीत कुमार और बिसाहू लाल के भरोसे रीवा और शहडोल संभाग रखा।
भारी अंतर से जीत का रिकॉर्ड सीधी के नाम
2008 में
विंध्य में सीधी जिले की धौहनी
(अजजा) सीट से भाजपा के कुंवर
सिंह टेकाम ने भारी अंतर (38,120)
से जीत का रिकॉर्ड
बनाया।
34,523
मतों के अंतर से जीतकर दूसरे नंबर पर भाजपा के ही रामचरित्र तनय रामप्यारे रहे। वे देवसर (सिंगरोली) से चुनाव मैदान में थे।
चुरहट में नेता प्रतिपक्ष के दो पोस्टर
दस हजार की आबादी वाले चुरहट नगर परिषद में सिर्फ दो पोस्टर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नजर आए। रीवा से लेकर सतना तक चुनावी माहौल तो नहीं दिखा, लेकिन रीवा के सिरमौर चौराहे पर मुद्दों पर बहस जरूर सुनाई दी। चार साल से बन रहे फ्लाई ओवर की खुदाई से लोग नाराज दिखाई दिए तो साल भर पहले अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। यहां एक मॉल का निर्माण भी लोगों की चर्चाओं के केंद्र में है। चुनाव में ये मुद्दे कितना असर डालेंगे, यह देखने वाली बात होगी। सतना जिले को कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों का इंतजार है।
तो यह तिवारी का आखिरी चुनाव!
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व 87 साल के श्रीनिवास तिवारी की सिरमौर (रीवा) सीट से टिकट की दावेदारी है। उनके बेटे सुंदरलाल तिवारी गुढ़ से लड़ना चाहते हैं। 2008 के चुनाव में रोचक स्थिति बनी थी। मतगणना के तुरंत बाद श्रीनिवास तिवारी समर्थकों को जीतने की सूचना मिली, पर थोड़ी देर बाद ही तत्कालीन जिला निर्वाचन अधिकारी एम.गीता ने बसपा के राजकुमार उरमलिया को 309 वोटों से विजेता घोषित कर दिया। चर्चा है इस हार के कारण रीवा में श्रीनिवास तिवारी के प्रति ब्राrाणों की सहानुभूति है। यह सहानुभूति टिकट दिलाती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।
बसपा ने की जमावट
कांग्रेस और भाजपा से पहले बसपा और सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर चुनावी समीकरण बिगाड़ने की तैयारी कर ली है। रीवा सीट से सपा ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडे को प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने वैश्य समाज को साधने के लिए कृष्ण कुमार गुप्ता को टिकट दिया है। पिछले दो चुनावों से रीवा में बसपा दूसरे नंबर पर है। सिरमौर से बसपा ने वर्तमान विधायक राजकुमार उरमलिया व त्योंथर से विधायक रामगरीब कोल को फिर मैदान में उतारा हैं। बसपा ने देव तालाब से पूर्व विधायक विद्यावती पटेल, नागौद से पूर्व सांसद सुखलाल कुशवाह, सिंगरोली से महापौर रेणू शाह तथा मऊगंज से पूर्व सांसद भीम सिंह पटेल को टिकट दिया है। 2008 के चुनावों के परिणामों पर गौर करें तो विंध्य में बसपा ने 3 सीटें जीती थीं, 4 सीटों पर दूसरे तथा 13 सीटों पर वह तीसरे स्थान पर थी।
चित्रकूट और मैहर में पहली बार जीती भाजपा
चित्रकूट और मैहर विधानसभा सीट पर 2008 में पहली बार भाजपा को जीत मिली है। चित्रकूट में जीत सिर्फ 722 वोटों से हुई।
No comments:
Post a Comment