मंथन : पार्टियों को नहीं सूझ रहे मुद्दे
Bhaskar News | Oct 22, 2013, 08:46AM IST
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने अब तक अपने घोषणा-पत्र जारी नहीं किए हैं। संभावित मुद्दों पर घोषणा पत्र समिति के सदस्य घंटों मंथन कर रहे हैं। दोनों ही पार्टियों की अब तक की बैठकों से कुछ नया निकलकर आने के संकेत नहीं हैं, सिवाय इसके कि कांग्रेस ने विधानपरिषद बनवाने का वादा अपने घोषणा-पत्र में शामिल कर लिया है।
भाजपा का घोषणा पत्र बृजमोहन अग्रवाल बनवाएंगे जबकि कांग्रेस का मोहम्मद अकबर। दोनों को कुछ नई योजनाएं नहीं सूझ रही हैं। समिति के कुछ सदस्यों को मध्यप्रदेश और राजस्थान में बनने वाले घोषणा-पत्र की जानकारी जुटाने का जिम्मा सौंपा गया है। इन्हें अपने यहां लागू किया जा सकता है। इनमें प्रमुख ये हो सकते हैं:-
भाजपा के घोषणा पत्र में
धान पर समर्थन मूल्य के साथ बोनस 270 से बढ़ाकर 300 रु. करने का वादा
मेडिकल और इंजीनियरिंग के छात्रों को पहले साल में ही लैपटॉप।
युवा बेरोजगारों को दो हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता।
किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने वाली नई योजनाएं।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में
विधानपरिषद बनाने का प्रस्ताव।
बीपीएल और अंत्योदय परिवारों को मुफ्त राशन। आटा भी फ्री।
किसानों को धान पर समर्थन मूल्य के साथ बोनस तीन सौ रुपए से भी ज्यादा
बिजली के घरेलू और कमर्शियल टैरिफ में कमी, पांच बिजली कंपनियों को तीन कंपनियों में बदलने का प्रस्ताव।
बिटवीन द लाइंस
मक्कड़ की बगावत, सवन्नी की फोटो
एक आम धारणा है कि सभी सरदार एक जैसे दिखते हैं। इस वजह से कई दफे भ्रम की स्थिति भी पैदा होती है। ऐसा ही दिलचस्प वाकया आज हुआ। तखतपुर से भाजपा की टिकट के दावेदार व पूर्व विधायक जगजीत मक्कड़ को टिकट नहीं मिली तो उन्होंने निर्दलीय लडऩे का ऐलान कर दिया। यह खबर एक टीवी चैनल पर भी चली, लेकिन फोटो मक्कड़ की जगह भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी की दिखाई जा रही थी। एकात्म परिसर में भी यह खबर पहुंची की सवन्नी चुनाव लड़ेंगे। पतासाजी की गई तब गलती का अहसास हुआ। परेशान सवन्नी भी फोन लगाकर सफाई देते रहे। बाद में टीवी पर उनकी फोटो हटा दी गई।
सट्टा बाजार
कांग्रेस 71, भाजपा 79 पैसे
उम्मीदवारों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने पूरे पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन सट्टा बाजार ने अपना भाव खोल दिया है। कांग्रेस के ६३ उम्मीदवारों के आधार पर राजधानी में कांग्रेस का भाव 71 पैसे और भाजपा का 79 पैसे है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसको लेकर सट्टा बाजार में कोई भाव नहीं खोला गया है। कुछ खाईवालों ने बताया कि भाजपा की सरकार बनने पर डॉ. रमन सिंह और कांग्रेस की सरकार बनने पर डॉ. चरणदास महंत का मुख्यमंत्री बनना तय मान लिया गया है।
ऐसे समझें सट्टे का गणित
सट्टा बाजार में जिस भी टीम, पार्टी या व्यक्ति को ज्यादा भाव दिया जाता है, बाजार में उसकी स्थिति कमजोर मानी जाती है। जिस पार्टी के जीतने की संभावना कम होती है, उसे हमेशा बढ़ा-चढ़ाकर भाव दिया जाता है ताकि लोग ज्यादा पाने की लालच में उस पर बड़ा दांव खेलें। सट्टा बाजार में कांग्रेस का भाव 71 पैसा है। यानी कांग्रेस की सरकार बनती है तो 710 रुपए का सट्टा लगाने वाले को 1000 रुपए मिलेगा। इसी तरह भाजपा पर 790 रुपए का दांव लगाने पर एक हजार रुपए मिलेगा।
कोट ऑफ द डे
भागते रहे हैं मुख्यमंत्री
भागते रहे हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की आदत रही है कि वो एक बार जहां से चुनाव लड़ते हैं, दूसरी बार वहां से भाग जाते हैं। लेकिन इस बार वो शहीद हुए उदय मुदलियार की पत्नी अलका मुदलियार के सामने हैं। अलका उनसे लड़ेंगी। जीतेंगी।
-रविंद्र चौबे, नेता प्रतिपक्ष, छत्तीसगढ़
No comments:
Post a Comment