Wednesday, 30 October 2013

कौन रहेगा बाहर कौन डालेगा वोट इन्हें सब मालूम

मोहम्मद निजाम/ निश्चय कुमार | Oct 30, 2013, 07:42AM IST
 
EmailPrintComment
कौन रहेगा बाहर कौन डालेगा वोट इन्हें सब मालूम
रायपुर.  लगभग सभी बड़े नेताओं ने घरों या दफ्तरों को हाईटेक वार-रूम में तब्दील कर दिया है। वार-रूम यानी जहां कंप्यूटर में वोटरों, समस्याओं की सारी जानकारी फीड होगी। एक क्लिक पर सबकुछ सामने होगा जिसके आधार पर चुनाव की रणनीति तय होगी।
 
बृजमोहन अग्रवाल: वोटिंग के दिन कौन रहेगा बाहर, इसकी तक जानकारी फीड
 
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने एक बड़े हॉल को वॉर-रूम के रूप में तदील किया है। उनके वार रूम के कंप्यूटरों में अलग-अलग डाटा फीड हैं। कुल मतदाताओं की संख्या है एक-एक परिवार के सदस्यों के नाम हैं। एक कंप्यूटर में नए मतदाताओं की संख्या है। ये जानकारी तक है कि 19 नवंबर को रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के कितने मतदाता शहर के बाहर रहेंगे। 
 
अमर अग्रवाल: 20 हजार समस्याएं और 45 हजार फोन नंबर के डाटा फीड  
 
बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी मंत्री अमर अग्रवाल के पुलिस लाइन स्थित निवास में काफी पहले हाई-टेक इंतजाम है। जन-शिकायत केंद्र के रूप में वे बहुत पहले से समस्याओं को सुनते रहे हैं। इसके जरिए वे ऑनलाइन भी रहे हैं। तकरीबन 20 हजार समस्याएं सुनी गईं, जो कंप्यूटर में फीड हो गईं। अब इन्हें वार्ड-वार अलग कर लिया गया है और हर दिन की रणनीति इससे बनेगी। सीधे संपर्क के लिए तकरीबन 45 हजार मोबाइल नंबर तक दर्ज हैं। केंद्र के प्रभारी रहे प्रवीण दुबे और मनीष अग्रवाल इसकी कमान संभाल रहे हैं। 
 
अमित जोगी: दुगरेत्सव समितियों तक के 10-10 लोगों के नाम, नंबर फीड
 
अमित जोगी मरवाही से चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन उनका वार-रूम बिलासपुर और रायपुर दोनों जगह तैयार है। यहां कोटा और मरवाही दोनों की तैयारी चल रही है क्योंकि कोटा से उनकी माता रेणु जोगी प्रत्याशी हैं। कंप्यूटर में दोनों क्षेत्रों के एक-एक वार्ड का ब्योरा, वहां के मतदाताओं के नाम उपलब्ध हैं। प्रत्येक बस्ती के प्रमुख, वहां की गणोशोत्सव व दुर्गोत्सव समितियों के 10-10 सदस्यों के नाम और उनके मोबाइल नंबर तक उपलब्ध हैं। वार्डवार प्रमुख समस्याएं और वहां कौन-कौन सी घटनाएं पांच साल के दौरान हुईं, इसका ब्योरा है। 
 
सत्यनारायण शर्मा: जाति का खेल होगा अहम तो एक क्लिक में समझेंगे गणित
 
सत्यनारायण शर्मा रायपुर ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके वार रूम को उनके बांसटाल स्थित घर पर उनके बेटे पंकज और विशाल संभाल रहे हैं। रायपुर पश्चिम में जाति का फैक्टर ज्यादा काम करेगा। लिहाजा वोटर लिस्ट  में जाति का गणित एक क्लिक पर उनके सामने होता है। पंकज बताते हैं कि उनका इलाका साहू बहुल है। इसलिए उस हिसाब से तैयारी की गई है। वॉर रूम में 6 लोगों की कोर टीम काम कर रही है। ये कोर टीम अब राउंड द क्लॉक काम कर रही है। यहां भी सारी जानकारियां एक क्लिक में उपलब्ध हो जाती हैं।
 
किरणमयी नायक: किस घर में क्या समस्या है, सब-कुछ आ जाता है सामने
 
किरणमयी नायक रायपुर दक्षिण से कांग्रेस की प्रत्याशी हैं। उन्होंने अपने वकालत के पुराने चेंबर को वॉर रूम बना लिया है। इसकी कमान उनके पति विनोद नायक ने संभाली है। रोज रात को 12 से दो बजे तक किरणमयी अपने कोर ग्रुप के 5 लोगों के साथ अगले दिन की रणनीति तैयार करती हैं। वॉर रूम में ये गणित तैयार होता है। इसमें वार्डवार समस्याएं फीड हैं। लिहाजा अगले दिन किस जगह क्या करना है, तय हो जाता है। इतना ही नहीं ये तक पता होता है कि किस घर में क्या समस्या है। कौन वोटर है और कहां कमजोर पड़ेंगे।

No comments:

Post a Comment