राजनीति के धनकुबेर, कोई अरबों का मालिक तो किसी के पास सोने की खान!
रायपुर. छत्तीसगढ़ के चुनावी समर में धनकुबेरों का जलवा दिखेगा। संपत्ति, सोना और जमीन बढ़ाने के मामले में नेताओं के बीच होड़ सी मची है। किसी की पत्नी के पास किलो-किलो सोना निकल रहा है तो किसी का बैंक बैलेंस तेजी से बढ़ रहा है। अंबिकापुर के कांग्रेस प्रत्याशी टीएस सिंहदेव सबसे अधिक पूंजी के मालिक हैं।
उनके पास चल-अचल संपत्ति करीब 774 करोड़ की है। सोने के मामले में मुख्यमंत्री की पत्नी वीणा सिंह अव्वल हैं। उनके पास एक करोड़ का सोना है। सबसे कम जायदाद राहुल गांधी के पसंदीदा प्रत्याशी जगदलपुर के सामू कश्यप की है। राज्य के चुनावी मैदान में 1130 प्रत्याशी हैं। इनमें से सभी की संपत्ति का ब्यौरा देना संभव नहीं है, इसलिए दैनिक भास्कर ने प्रमुख नेताओं की संपत्ति का लेखा-जोखा एकत्र किया है।
नामांकन के साथ सौंपे गए शपथ पत्र के अनुसार सरगुजा राजपरिवार के टीएस सिंहदेव ने शपथपत्र में अपने हिस्से की अचल संपत्ति की कीमत 551 करोड़ रुपए बताई है। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा पुश्तैनी या विरासत में उनको मिली जायदाद का है। इसके अलावा उनके पास हीरों से जड़े जेवरात भी बाकी प्रत्याशियों से कहीं ज्यादा हैं। पर स्वअर्जित संपत्ति के मामले में कसडोल से कांग्रेस प्रत्याशी राजकमल सिंघानिया बाकी प्रत्याशियों पर भारी पड़ रहे हैं। उनकी और पत्नी के नाम की कुल संपत्ति 33 करोड़ रुपए से ज्यादा की है।
भाजपा और कांग्रेस के साथ बसपा ने भी एक करोड़पति को प्रत्याशी बनाया है। बलौदाबाजार के बसपा प्रत्याशी अशोक कुमार जैन के पास 20 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। बलौदाबाजार में दो बार नगरपालिका अध्यक्ष रहे जैन की संपत्ति का बड़ा हिस्सा अचल संपत्ति और वाहनों के रूप में है। उनके पास 83 अचल संपत्तियों के अलावा चार करोड़ रुपए से ज्यादा के वाहन हैं। इसमें 25 से ज्यादा ट्रक और जेसीबी मशीनें भी हैं।खातों में नगद राशि जुटाने के मामले में तीसरी बार विधायक बनने के लिए कसडोल से मैदान में उतरे राजकमल सिंघानिया सबसे आगे हैं। 2008 में उनके बैंक खाते में 1.75 लाख रुपए थे, जो पिछले महीने 21.39 लाख हो चुके थे। बस्तर के भाजपा विधायकों की संपत्ति में भी जबर्दस्त बढ़ोतरी देखी गई। विक्रम उसेंडी के पास 2008 में कुल 40.92 लाख की संपत्ति थी, जो 2013 में बढ़कर 2.93 करोड़ रुपए हो गई। बीजापुर के भाजपा विधायक महेश गागड़ा की संपत्ति भी पांच सालों में 1466 फीसदी बढ़ी।विधायक परेश सबसे बड़े कर्जदार
प्रत्याशियों में सबसे बड़े कर्जदारों में खल्लारी सीट से कांग्रेस विधायक परेश बागबाहरा हैं। शपथपत्र में बागबाहरा ने 63.94 करोड़ की देनदारियां बताई हैं। पांच साल पहले उनके ऊपर 59.51 करोड़ का कर्ज था।
कांग्रेस के सामू की संपत्ति सबसे कमकांग्रेस प्रत्याशियों में आर्थिक रूप से सबसे कमजोर सामू कश्यप को माना जा रहा है। उनके बैंक खातों में केवल एक लाख रुपए जमा हैं। उनके पास कुल जमा 10 लाख से भी कम की मिल्कियत है। पिछली बार से साढ़े 5 गुना अमीर हुए सीएम
प्रमुख प्रत्याशियों में मुख्यमंत्री रमन सिंह की संपत्ति तेजी से बढ़ी। पिछले चुनाव में उनके पास 1.04 करोड़ की संपत्ति थी, जो शपथ पत्र के अनुसार इस बार करीब 5.61 करोड़ रुपए हो गई है।
आगे की स्लाइड्स में तस्वीरों के माध्यम से देखें चल-अचल संपत्ति और वाहन व हथियारों का ब्यौरा-
No comments:
Post a Comment