Thursday, 14 November 2013

ग्राउंड रिपोर्ट-3 बुंदेलखंड जोन: महारथियों को घेरने की कोशिश

प्रवीण पाण्डेय | Nov 09, 2013, 07:02AM IST
 
EmailPrintComment
ग्राउंड रिपोर्ट-3 बुंदेलखंड जोन: महारथियों को घेरने की कोशिश
5 जिले 26 सीटें, सागर-8, दमोह-4, छतरपुर-6, टीकमगढ़-5, पन्ना-3
सागर. बुंदेलखंड में शिवराज सरकार के 6 मंत्रियों की साख दांव पर है। सातवें मंत्री का तो टिकट ही कट गया है। एक मंत्री सीट बदलकर चुनाव लड़ रहे हैं। तमाम सर्वे के बावजूद भाजपा ने जोन में पांच विधायकों के टिकट काटने का साहस दिखाया है। इसमें सागर जिले से दो, छतरपुर, टीकमगढ़ व पन्ना से एक-एक विधायक शामिल हैं। कांग्रेस ने इस बार कई नए चेहरों को मौका दिया है और सिर्फ एक विधायक का टिकट काटा है। हालांकि दोनों ही दलों में अंतर्विरोध की आग इतनी तेज है कि इससे बचना कठिन है, जो भी दल अपने ही चिराग से अपना घर बचा लेगा वही मुकाबले में रह पाएगा।
समीकरण बिगाडऩे को तैयार सपा-बसपा
सागर संभाग की सभी 26 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद तस्वीर साफ हो गई है। भारी मशक्कत और प्रतिस्पर्धा के बाद जो जो टिकट पा गए हैं वे अपनी अगली तैयारी में जुट गए हैं जिन्हें टिकट नहीं मिला है वे विरोध प्रदर्शन के साथ अपनी अगली राह ढूंढ रहे हैं। जोन में सागर व दमोह जिले की अलग एवं छतरपुर, टीकमगढ़ व पन्ना की कुछ अपनी तासीर है। सपा, बसपा सहित अन्य छोटे दल यहां समीकरण बिगाडऩे की स्थिति में इस बार भी हैं।
भाजपा के 6 मंत्रियों को साख बचाने की चुनौती
शिवराज सरकार में बुंदेलखंड से 7 मंत्री थे। मंत्री रामदयाल अहिरवार का टिकट काटकर भाजपा ने 6 मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा की सबसे सुरक्षित सीट मानी जाने वाली सागर जिले की रहली सीट पर 7वीं बार चुनाव लड़ रहे पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव के खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया को मैदान में उतारकर भार्गव को घेरने की कोशिश की है। पटेरिया का इस क्षेत्र में गृह ग्राम है और माना जा रहा है कि वे भार्गव को कड़ी चुनौती देंगे। दमोह से जल संसाधन मंत्री जयंत मलैया भी 7वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले बार कम मतों से जीते मलैया को इस बार भी कांग्रेस के चंद्र भानसिंह लोधी चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस ने यहां पहले संतोष भारती का नाम घोषित किया फिर बदलकर लोधी को टिकट दे दिया। पिछला मुकाबला भी मलैया और लोधी के बीच ही हुआ था। कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया छतरपुर जिले की राजनगर सीट से चुनाव मैदान में हैं। वे पहले दमोह की पथरिया से विधायक थे। उनका मुकाबला राजनगर से कांग्रेस विधायक विक्रमसिंह उर्फ नाती राजा से है। कुसमरिया को यहां पार्टी में ही विरोध का सामना करना पड़ा है। पन्ना जिले की पवई सीट से राज्यमंत्री बृजेंद्र प्रतापसिंह चुनाव मैदान में हैं। पार्टी के पदाधिकारियों के भारी विरोध के बावजूद उन्हें यहां से फिर टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने यहां से पूर्व मंत्री मुकेश नायक को प्रत्याशी बनाया है। पहले यहां से कांग्रेस ने अनिल तिवारी के नाम की घोषणा की थी, लेकिन बाद में उनका टिकट बदल दिया। अब अनिल बगावत पर उतारू हैं। नायक ने पिछला चुनाव यहां से भाजश के टिकट पर लड़ा था और दूसरे नंबर पर रहे थे। टीकमगढ़ जिले की जतारा सीट से राज्यमंत्री हरिशंकर खटीक के खिलाफ कांग्रेस ने दिनेश अहिरवार को उतारा है। दिनेश ने यहीं से पिछला चुनाव भाजश से लड़ा था व दूसरे नंबर पर रहे थे। वे हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। दमोह जिले की जबेरा सीट से राज्यमंत्री दशरथ लोधी को फिर टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने उनके मुकाबले में नए चेहरे प्रतापसिंह लोधी को मैदान में उतारा है।
सागर
भाजपा में तीन व कांग्रेस में एक नया चेहरा
जिले की आठ सीटों में से भाजपा ने तीन एवं कांग्रेस ने एक सीट पर नया चेहरा मैदान में उतारा है। भाजपा ने पांच एवं कांग्रेस ने सात सीटों पर पुरानों पर भरोसा किया है। सागर से भाजपा के शैलेंद्र जैन का टिकट कटवाने के लिए दावेदारों ने पुरजोर कोशिश की थी लेकिन वे दोबारा टिकट पा गए। उनका मुकाबला कांग्रेस के सुशील तिवारी से है, जो 2003 में सुधा जैन से पराजित हुए थे। खुरई से भाजपा ने सागर सांसद भूपेंद्रसिंह को प्रत्याशी बनाया है। सिंह पिछला चुनाव यहीं से 17 हजार मतों से हारे थे। कांग्रेस ने विधायक अरुणोदय चौबे को यहां से फिर टिकट दिया है। सुरखी से लगातार दो बार से जीत रहे कांग्रेस के गोविंदसिंह राजपूत का गढ़ तोडऩे के लिए नए चेहरे रूप में पूर्व विधायक संतोष साहू की बेटी पारूल साहू को टिकट दिया है। नरयावली में भाजपा ने भारी विरोध के बाद भी विधायक प्रदीप लारिया को फिर मौका दिया है तो कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा है। 2003 में हारे चौधरी का भी यहां कांग्रेसी ही विरोध कर रहे हैं। देवरी से विधायक भानु राणा का टिकट काटकर भाजपा ने 2003 में जीते रतनसिंह लोधी को टिकट दिया है। यहां जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखा है। लोधी उमा भारती के रिश्तेदार भी हैं। कांग्रेस ने 2003 में हारे हर्ष यादव को इस बार फिर मैदान में उतारा है। देवरी में कांग्रेस से बृजेंद्र देवलिया ने बगावत कर दी है। यहां बसपा एवं गोंगपा का भी प्रभाव है। बीना में दोनों दलों के नए चेहरों के बीच मुकाबला है। भाजपा ने विधायक विनोद पंथी का टिकट काटकर महेश राय को एवं कांग्रेस ने निर्मला सप्रे को टिकट दिया है। बंडा से भाजपा ने नए चेहरे के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष  राठौर को प्रत्याशी बनाया है लेकिन उनका सांसद शिवराजसिंह लोधी ने तीखा विरोध किया है। यहां एक और दावेदार सुधीर यादव बगावत भी कर सकते हैं। कांग्रेस ने बंडा से विधायक नारायण प्रजापति को दोबारा मौका दिया है।
छतरपुर
दोनों महिला विधायक फिर मैदान में
जिले की 6 सीटों में से भाजपा ने अपनी दोनों महिला विधायकों छतरपुर से ललिता यादव एवं बड़ामलहरा से रेखा यादव को फिर चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने छतरपुर से सत्यव्रत चतुर्वेदी के भाई व नए चेहरे आलोक चतुर्वेदी पज्जन को टिकट दिया है।  बड़ा मलहरा से पिछली बार भाजश के टिकट पर जीतीं रेखा यादव का मुकाबला इस बार कांग्रेस के तिलक सिंह लोधी से है। वहीं राजनगर में रामकृष्ण कुसमारिया का विरोध जारी है।
राजनगर से भाजपा प्रत्याशी एवं मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया का मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक विक्रमसिंह नाती राजा से है। पार्टी के लोगों ने कुसमरिया का भी विरोध किया है। महराजपुर सीट से पिछली बार निर्दलीय जीते मानवेंद्र सिंह इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनके मुकाबले में नए चेहरे महेंद्र चौरसिया को मैदान में उतारा है। बिजावर से कांग्रेस ने राजेश शुक्ला को फिर प्रत्याशी बनाया है वे पिछला चुनाव करीब दो हजार वोट से हारे थे।  भाजपा ने यहां से पुष्पेंद्र उर्फ गुड्डन पाठक को टिकट दी है जबकि गुड्डन महाराजपुर से चुनाव लडऩा चाहते थे। चंदला से कांग्रेस ने नए चेहरे हरप्रसाद अनुरागी को उतारा है, जबकि भाजपा ने यहां से रामदयाल अहिरवार को टिकट काटकर आरडी प्रजापति को मौका दिया है। प्रजापति पिछला चुनाव भाजश के टिकट पर लड़े थे।
टीकमगढ़
टीकमगढ़ का गढ़ भेदना भाजपा के लिए मुश्किल
टीकमगढ़ जिले की 5 सीटों में से अभी भाजपा के पास एक ही है। जतारा से मंत्री हरिशंकर खटीक को भाजपा ने फिर से मौका दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस के दिनेश अहिरवार से है। जतारा को छोड़ कर चारों सीटें कांग्रेस के पास हैं। हालांकि इस बार खरगापुर में सुरेंद्र प्रताप सिंह बेबी राजा खेल बिगाड़ सकते हैं। वहीं निवाड़ी में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। टीकमगढ़ में कड़ी टक्कर है तो पृथ्वीपुर में कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह राठौर और भाजपा की अनीता नायक आमने-सामने हैं।
दमोह
कांग्रेस के पास खोने को कुछ नहीं
दमोह की चारों सीटों पर अभी भाजपा का कब्जा है यहां कांग्रेस के पास खोने को कुछ नहीं है।  लेकिन इस बार भाजपा को अपना प्रदर्शन दोहराना मुश्किल लग रहा है। जिले में भाजपा के दो मंत्री दमोह से जयंत मलैया और जबेरा से मंत्री दशरथ लोधी मैदान में हैं। पथरिया में भाजपा के नए चेहरे लाखन पटेल और कांग्रेस के पुष्पेंद्रप्रताप हजारी के बीच मुकाबला है। हटा से भाजपा ने विधायक उमा देवी खटीक पर फिर भरोसा जताया है तो कांग्रेस ने नए हरिशंकर चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
पन्ना
असंतोष से पार पाना बड़ी चुनौती
पन्ना की तीन सीटों में से कांग्रेस व भाजपा ने अपने एक-एक विधायकों के टिकट काटे हैं। पन्ना से कांग्रेस ने विधायक श्रीकांत दुबे का टिकट काटकर मीना सिंह को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने पन्ना से कुसुम मेहदेले को फिर से टिकट दिया है। भारी विरोध के बावजूद पवई से मंत्री बृजेंद्र प्रतापसिंह टिकट पाने में सफल रहे। यहां कांग्रेस से मुकेश नायक हैं। पहले अनिल तिवारी का नाम घोषित हो जाने फिर कट जाने से वे इतने गुस्साए कि आत्महत्या की धमकी दे डाली। गुन्नौर से भाजपा ने राजेश वर्मा का टिकट काटकर शिव दयाल बागरी को टिकट दिया है। 

No comments:

Post a Comment