विधानसभा चुनाव : मुख्यमंत्री समेत दिग्गजों ने भरे पर्चे
bhaskar news | Nov 06, 2013, 10:18AM IST
भोपाल. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने चुरहट से नामांकन पत्र भरा। राजधानी में नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर ने गोविंदपुरा, गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम व विधायक विश्वास सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र से नामांकन फार्म भरे। भोपाल मध्य से कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है लेकिन सैयद कमर अली ने अपने पर्चे में दल का नाम कांग्रेस लिखा है। मध्य विस क्षेत्र से भाकपा प्रत्याशी शैलेंद्र शैली और गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना प्रत्याशी संजय सक्सेना ने नामांकन फार्म भरा। जिले में तीन दिनों में नामांकन फार्म भरने वालों की संख्या अब नौ हो चुकी है।
इन्होंने भी भरे पर्चे : वित्तमंत्री जयंत मलैया ने दमोह, वनमंत्री सरताज सिंह सिवनी-मालवा, स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस बुरहानपुर, राज्यमंत्री नानाभाऊ मोहोड़ सौंसर, श्रम मंत्री जगन्नाथ सिंह चितरंगी, ऊर्जा मंत्री राजेंद्र शुक्ला रीवा, कुसुम मेहदेले पन्ना, कमलेश्वर प्रसाद ने सीधी से पर्चा दाखिल किया। वंशमणि प्रसाद देवसर, सुरेंद्र पटवा भोजपुर, रामपाल सिंह सिलवानी, टीकमगढ़ से यादवेंद्र सिंह, गोविंद सिंह लहार, तुलसीराम सिलावट सांवेर, सूरजभान सिंह सोलंकी हरसूद समेत ओमप्रकाश सकलेचा ने जावद से नामांकन पत्र भरा।
किस दिग्गज नेता के पास कितनी संपत्ति
बुदनी- शिवराज सिंह चौहान ( भाजपा)
बैंकों जमा एवं समस्त अस्तियां - 44 लाख 32 हजार 117 रुपए। इसमें बीमा की वार्षिक राशि भी सम्मलित है। आयकर विवरण के अनुसार वार्षिक आय 17 लाख 12 हजार रुपए है। पत्नी साधना सिंह के नाम 24 लाख 71 हजार 387 रुपए बैंक में जमा है। वार्षिक आय 20 लाख 56 हजार 580 रुपए है। चौहान ने बैंकों से 20 लाख का कर्ज लिया है, जबकि उनकी पत्नी 54 लाख 15 हजार रुपए की कर्जदार हैं। इनके नाम अन्य संपत्तियों में खेती एवं अन्य जिनका बाजार मूल्य 65 लाख रुपए है। पत्नी साधना सिंह की संपत्तियों की बाजार मूल्य कीमत 3 करोड़ 36 लाख रुपए है।
हथियार - 1 रिवाल्वर
अपराध - नहीं
गोविंदपुरा
बाबूलाल गौर ( भाजपा)
संपत्ति (जेवर, जमीन और वाहन) नकदी १५ हजार रुपए। बैंकों में जमा, वाहन, सोने के जेवरात अन्य सामान कुल मूल्य 73,47,393 रुपए। वर्ष 2012-13 में दर्शित आय 5,51, 948 रुपए। खेती और अन्य जमीन जिनका मूल्य 32 लाख रुपए। गैर कृषि भूमि में आवासीय मकान और अन्य भूखंड की कीमत 1 करोड़ 12 लाख रुपए।
हथियार -नहीं अपराध - नहीं
नरेला
विश्वास सारंग ( भाजपा)
संपत्ति - नकदी 75 हजार। पत्नी रूमा सारंग के पास 50 हजार रुपए। बैंकों में जमा और समग्र ब्यौरे 17,15,968 रुपए, पत्नी की जमा राशि 20 लाख 63 हजार ८50 रुपए। कृषि भूमि, विरासत में मिली संपत्ति, भूखंड एवं भवन की कीमत 3 करोड़ 63 लाख 98 हजार 940 रुपए। पत्नी की संपत्ति 1 करोड़ 60 लाख रुपए।
हथियार - लायसेंसी रिवाल्वर
अपराध - 04 विचाराधीन
भोपाल दक्षिण-पश्चिम
उमाशंकर गुप्ता ( भाजपा)
संपत्ति (जेवर, जमीन और वाहन) बैंकों में जमा बचत और अन्य। कुल 57 लाख 20 हजार 45 रुपए। पत्नी राधा गुप्ता के नाम 89 लाख 93 हजार 823 रुपए। खेती, आवासीय एवं प्लाट का बाजार मू्ल्य 59 लाख 72 हजार रुपए और पत्नी राधा गुप्ता के नाम संपत्ति 1 करोड़ 27 लाख रुपए।
अपराध - नहीं हथियार - नहीं
राघौगढ़
जयवर्धन सिंह (कांग्रेस)
संपत्ति विवरण - नकदी 4 लाख रुपए। आयकर विवरणी के अनुसार दिखाई गई सकल आय 2 लाख 53 हजार रुपए। कृषि से आय 6 लाख 22 हजार 838 रुपए। निजी संपत्ति 26 लाख 46 हजार 415 रुपए। पिता दिग्विजय सिंह और चाचा लक्ष्मण सिंह की संपत्ति में भी हिस्सा है, जिसका मूल्य 25 करोड़ 21 लाख 85 हजार रुपए है।
अपराध - नहीं।
No comments:
Post a Comment