Sunday, 10 November 2013

पहले अपनों को मनाएं या वोटर को
 
पहले अपनों को मनाएं या वोटर को 
बड़वानी चाचा-भतीजे के बीच होगा मुकाबला 
बुरहानपुर निर्दलीय पर भी रहेगी निगाह 
खंडवा टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान संभाला 
खरगोन कांग्रेस ने सभी सीटों से मैदान में उतारे नए चेहरे 
बुरहानपुर में अर्चना चिटनीस के सामने कांग्रेस से अरुण यादव के नजदीकी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सिंह रघुवंशी मैदान में हैं। एक अन्य दावेदार सुरेंद्र सिंह ने बगावत का ऐलान करते हुए निर्दलीय के रूप में पर्चा भरा है। नेपानगर सीट पर एक बार फिर दोनों प्रमुख पार्टियों से पिछली बार के चेहरे ही देखने को मिलेंगे। भाजपा ने मौजूदा विधायक राजेंद्र दादू तो कांग्रेस ने रामकिशन पटेल को टिकट दिया है। 
राजपुर में दो मौजूदा विधायकों में मुकाबला है। भाजपा ने यहां देवीसिंह पटेल को और कांग्रेस ने पानसेमल से विधायक बाला बच्चन को उतारा है। शुरुआत में बच्चन का विरोध हुआ, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। बड़वानी में चाचा-भतीजे के बीच मुकाबला है। भाजपा के प्रेमसिंह पटेल के सामने कांग्रेस से उनके भतीजे रमेश पटेल हैं। दोनों सुस्तीखेड़ा के रहने वाले हैं। पानसेमल में भाजपा ने पूर्व विधायक दीवान सिंह तो कांग्रेस ने चंद्रभागा किराड़े को टिकट दिया है। सेंधवा में भाजपा ने फिर मंत्री अंतरसिंह आर्य को टिकट दिया है। कांग्रेस ने मंडी अध्यक्ष दयाराम पटेल को उतारा है, लेकिन पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत विरोध में सड़क पर उतर आए हैं। रावत को मनाना कांग्रेस के लिए चुनौती होगा। 
हरसूद में विजय शाह के सामने कांग्रेस ने धार के पूर्व सांसद सूरजभानु सोलंकी को मैदान में उतारा है। भाजपा से बगावत करके भैयालाल सालवी उर्फ माइकल ने निर्दलीय के रूप में नामांकन भरा है। माइकल भाजपा के वोट बैंक को नुकसान पहुंचा सकते हैं। खंडवा सीट पर देवेंद्र वर्मा का मुकाबला कांग्रेस के मोहन ढाकसे से है। वर्मा से जहां भाजपा का एक धड़ा नाराज है, वहीं ढाकसे को कई क्षेत्रों में पहचान का संकट हो सकता है। मांधाता में भाजपा के लोकेंद्र सिंह तोमर के सामने कांग्रेस के नारायण पटेल हैं। पूर्व विधायक राजनारायण सिंह अपने बेटे के लिए लगे थे, ऐसे में उनका असंतोष पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया है। राजनारायण इस बात से ज्यादा नाराज है कि पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दे दिया जो पिछले चुनाव में बगावत कर चुका है। सांसद अरुण यादव पर उन्होंने राहुल गांधी को अंधेरे में रखने का भी आरोप लगाया। इधर, भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र तोमर के खिलाफ भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने पर्चा दाखिल कर दिया। लोकेंद्र तोमर के सौतेले भाई लक्ष्मण सिंह ने निर्दलीय के रूप में फॉर्म जमा कराया। पंधाना में भाजपा ने विधायक अनार सिंह वास्कले का टिकट काटते हुए महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता से इस्तीफा देकर आई योगिता नवल सिंह को मैदान में उतारा है। असंतुष्ट वास्कले ने निर्दलीय के तौर पर फॉर्म भरा है। 
प्रशांत शर्मा त्नखंडवा . पुरजोर लॉबिंग के बाद भी जोन में कई दावेदारों को टिकट नहीं मिल पाया है। यह स्थिति भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों में है। कांग्रेस में असंतोष सड़कों पर आ गया है। खुलेआम प्रदर्शन हुए, प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर रैली निकाली और पुतले जलाए गए। ऐसे में दोनों ही पार्टी के प्रत्याशी मतदाताओं से पहले असंतुष्टों को मनाने में जुटे हैं। निमाड़ में भाजपा ने साहस दिखाते हुए तीन विधायकों के टिकट काटकर 12 पुराने चेहरों को फिर मैदान में उतारा है। हालांकि कांग्रेस ने भी अधिकांश सीटों पर नए और युवा चेहरों को मौका दिया, लेकिन आधा दर्जन सीटों पर पार्टी के ही लोग उम्मीदवारों की टांग खींचने में लगे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने हरसूद क्षेत्र में विजय शाह के समर्थन में सभा करके निमाड़ में गर्माहट लाने के जतन किए हैं। 
जिले की छह सीटों में से भाजपा ने चार पर पुराने, जबकि दो सीट पर नए चेहरे उतारे हैं। कांग्रेस सभी सीटों पर नए चेहरों के दम पर स्थिति बदलने के सपने देख रही है। कसरावद में सांसद अरुण यादव के भाई मैदान में हैं। सांसद अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगे। भाजपा ने फिर आत्माराम पटेल पर विश्वास जताया है। वहीं जिला पंचायत सदस्य दशरथ पटेल ने बगावत कर निर्दलीय के रूप में फॉर्म भर दिया है। ऐसे में यहां त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं। बड़वाह में कांग्रेस ने राजेंद्र सिंह सोलंकी को टिकट दिया है, लेकिन उन्हें ऊपर से थोपा गया प्रत्याशी बताकर विरोध हो रहा है। भाजपा से उनके छोटे भाई और मौजूदा विधायक हितेंद्रसिंह सोलंकी मैदान में हैं। खरगोन में भाजपा ने मौजूदा विधायक बालकृष्ण पाटीदार और कांग्रेस ने रवि जोशी को टिकट दिया है। भगवानपुरा में भाजपा ने नए चेहरे के रूप में गजेंद्र पटेल को उतारा जबकि कांग्रेस ने विजयसिंह सोलंकी को टिकट दिया। यहां गंगाराम सोलंकी के समर्थक विजयसिंह को टिकट देने का विरोध कर चुके हैं। भीकनगांव में भाजपा की नंदा ब्राह्मणे और कांग्रेस की झूमा सोलंकी के बीच मुकाबला है। महेश्वर में कांग्रेस ने ऐन मौके पर राज्यसभा सदस्य विजयलक्ष्मी के भाई देवेंद्र साधौ का नाम हटाकर अरुण यादव के नजदीकी सुनील खांडे को टिकट दे दिया। पहली बार यहां साधौ परिवार की छुट्टी कर दूसरे व्यक्ति को टिकट मिली है।

निमाड़ जोन

४ जिले १६ सीटें

ग्राउंड रिपोर्ट-३

खंडवा-4, बुरहानपुर-2, खरगोन-6, बड़वानी-4 

No comments:

Post a Comment