ग्राउंड रिपोर्ट-3 : रणबांकुरे तैयार, क्षत्रप इलाकों में ही घिरे
प्रशांत कालीधार | Nov 06, 2013, 00:15AM IST
इंदौर. मतदान को 20 दिन बचे हैं। मैदान में हलचल तेज हो रही है। यह चुनाव मालवा जोन-1 के कई पुराने और कद्दावर चेहरों के लिए बड़ी चुनौती साबित होने वाला है। कारण, दोनों ही प्रमुख दलों के हाईकमान ने क्षत्रपों के मंसूबो पर पानी फेरा है। उन्हें इलाकों में ही बांधने की कोशिश की गई है। संगठन ने किसी को चौंकाकर तो किसी को छकाकर टिकट के फैसले लिए हैं। बावजूद भितरघात की आशंका कायम है। अभी भी दोनों दल इसे पूरी तरह खत्म नहीं कर पाए हैं।
इंदौर, देवास, धार, झाबुआ और आलीराजपुर जिले में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में आ चुके हैं। नामांकन दाखिल करने के साथ ही ताकत का प्रदर्शन शुरू होगा। भाजपा इसकी शुरुआत मालवा के सबसे बड़े शहर इंदौर से करेगी। पार्टी ने एकजुटता दिखाने के लिए 7 नवंबर को ऐतिहासिक राजबाड़ा चौक पर अपने सभी छह (इंदौर-1 से इंदौर-5 तक और राऊ के) उम्मीदवारों को एक मंच पर लाने का फैसला किया है। इसके बाद सभी के नामांकन दाखिल होंगे। कांग्रेस के अधिकांश उम्मीदवार भी गुरुवार को ही नामांकन दाखिल करेंगे। इस दिन के अलग मायने निकाले गए हैं। उम्मीदवारों को लग रहा है कि उनका ‘बृहस्पति’ (गुरु) सामने वाले पर भारी पड़ेगा।
इंदौर
‘कठिन’ के बजाय केंट में फंसे कैलाश
महू सीट को छोड़ कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-3 में आना चाह रहे थे, लेकिन ऐसा हो न सका। वे फिर से पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार का सामना करेंगे। इंदौर-3 उषा ठाकुर के हिस्से कर संगठन ने इंदौर-1 में होने वाले बगावत की आशंका को खत्म करने का प्रयास किया। हल्की राहत इंदौर-5 के उम्मीदवार राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया को भी नसीब हुई। कांग्रेस के दो उम्मीदवारों (इंदौर-3 से अश्विन जोशी और सांवेर से तुलसी सिलावट) के सामने नए चेहरे उतारे गए हैं। इंदौर-4 में भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के सामने पार्षद सुरेश मिंडा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। राऊ में पुराने युवा प्रतिद्वंद्वियों जीतू जिराती (भाजपा) और जीतू पटवारी (कांग्रेस) ने मैदान पकड़ लिया है।
देवास
यहां के कैलाश पर भी नहीं पसीजा संगठन
अस्वस्थता के बावजूद मंत्री तुकोजीराव पंवार को भाजपा ने फिर देवास से उम्मीदवार बनाया है। हाटपीपल्या, सोनकच्छ और बागली में विधायकों को दोबारा मौका मिल गया। खातेगांव से इस बार बेटे दीपक जोशी के लिए पिता कैलाश जोशी ने खूब कोशिशें की, लेकिन संगठन महू और इंदौर-3 की भांति यहां भी नहीं पसीजा। आखिरकार दीपक को हाटपीपल्या ही जाना पड़ा। कांग्रेस ने बागली में इस बार जरूर नया चेहरा मैदान में उतारा है। यहां से घोषित किए गए उम्मीदवार तेरसिंह देवड़ा ने चंद महीनों पहले ही शिक्षक पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। मास्साब के मैदान में उतरने से भाजपा के इस गढ़ में इस बार मुकाबला रोचक होगा।
धार
आखिर चल ही गया विक्रम का चक्रम
धार में विक्रम वर्मा अपनी बात मनवाने में कामयाब रहे। पत्नी नीना वर्मा को पार्टी ने फिर उम्मीदवार बनाया है। हाईकोर्ट से विधायकी हारीं पत्नी को वर्मा एक बार फिर जनता की अदालत में खड़ा कर न्याय चाहते थे। संगठन इससे सहमत हुआ और मान गया। जिले की दो दूसरी चर्चित सीटों पर सबसे ज्यादा घमासान है। दावेदारों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का पांसा फेंक मंत्री रंजना बघेल और संगठन तक को सांसत में डाल रखा है। टिकट को लेकर नेताओं की नाराजगी का असर कार्यकर्ताओं में दिख रहा है। जिले की धरमपुरी, मनावर, कुक्षी, सरदारपुर, बदनावर जैसी सीटों पर भितरघात की आशंका से कांग्रेस से ज्यादा भाजपा भयभीत है।
झाबुआ
कहीं पुरानों पर भरोसा कहीं नयों को मौका
थांदला और पेटलावद के लिए भाजपा ने पहली सूची में ही अपने उम्मीदवार घोषित किए थे। कांग्रेस ने पेटलावद विधायक पर दोबारा भरोसा जताया है। थांदला में भाजपा ने जरूर पुराने विधायक को किनारे कर नए चेहरे गौरसिंह को टिकट दिया है। पूर्व विधायक कलसिंह और उनके समर्थकों ने नाराजगी दिखाने में देर नहीं की। इससे भितरघात की आशंका को बल मिला है। पेटलावद में निर्मला भूरिया को फिर टिकट मिला है। उधर, झाबुआ में झगड़ा लगातार बढ़ रहा है। कांतिलाल भूरिया की भतीजी कलावती ने उपेक्षा के चलते प्रदेश कांग्रेस के सचिव पद से इस्तीफा दिया तो उनके समर्थकों ने पार्टी ही छोड़ने का फैसला कर लिया।
आलीराजपुर मजबूरी ऐसी कि टिकट न काट सके
जिले में केवल दो सीटें हैं- आलीराजपुर और जोबट। भाजपा ने पूर्व विधायक माधौसिंह डावर को मैदान में उतारा है। मौजूदा विधायक सुलोचना रावत और माधौसिंह दोनों पुराने प्रतिद्वंद्वी हैं। इस बार माधौसिंह का सामना सुलोचना नहीं, बल्कि उनके बेटे विशाल रावत करेंगे। पहले भी तीन बार आमना-सामना कर चुके हैं। डावर का टिकट पर्चा युद्ध छेड़ने वालों के लिए झटका साबित हुआ। पिछली रिपोर्ट में हमने बताया था कि एक व्यक्ति विशेष की ओर इशारा करके एक धड़े ने कुछ लोगों ने पर्चा जारी किया था। हालांकि इसके बाद संगठन ने बहुत सोच-विचार किया। पुराने नेताओं से चर्चा भी की, लेकिन नतीजे पर पहुंचने की बारी आई तो पार्टी के आला नेताओं को माधौसिंह के अलावा दूसरा नाम नहीं सूझा। तर्क दिया गया कि माधौसिंह पुराने नेता हैं, उनके पास टीम है और उनके अलावा किसी और को टिकट दिया गया तो शायद नुकसान ज्यादा हो सकता है। उधर आलीराजपुर सीट से भाजपा ने एक बार फिर नागरसिंह चौहान को ही को मैदान में उतारा है। कांग्रेस यहां असंतुष्ट भाजपाइयों को साधने में लगी है ताकि इस बार उसकी राह आसान हो जाए।
No comments:
Post a Comment