Thursday, 7 November 2013

ग्राउंड रिपोर्ट-2 : यशोधरा का परचा, अष्ठाना के आंसू

राजीव शर्मा | Nov 07, 2013, 07:17AM IST
 
EmailPrintComment
ग्राउंड रिपोर्ट-2 : यशोधरा का परचा, अष्ठाना के आंसू
ग्वालियर-चंबल अंचल। ग्वालियर-चंबल जोन-2 में भाजपा-कांग्रेस में टिकट वितरण के साथ उम्मीदवारों के विरोध का सिलसिला तेज हो गया है। सबसे ज्यादा विरोध शिवपुरी, श्योपुर व अशोकनगर जिले में है। यहां पर भाजपा-कांग्रेस को सबसे ज्यादा खतरा अपनों से ही है। गुना में भाजपा ने दो नए चेहरे उतारे हैं। इससे भाजपा में अंतर्कलह का खतरा बढ़ गया है। शिवपुरी से सांसद यशोधरा राजे सिंधिया को मैदान में उतारकर भाजपा ने कांग्रेस की उम्मीदों को झटका दिया है। पिछली बार यशोधरा के प्रभाव के चलते भाजपा शिवपुरी जिले में चार सीटें जीतने में कामयाब रही थी। पार्टी ने इसी उम्मीद से इस बार भी पोहरी, कोलारस व करैरा में यशोधरा के पसंद के उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
जोन की 14 में से 12 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भरोसे हैं, जबकि दो सीटों (राघौगढ़ व चाचौड़ा) पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से आस है। भाजपा में मौजूदा विधायकों के विरोध के चलते पार्टी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की छवि के सहारे नैया पार कराने की तैयारी में है। हालांकि भाजपा-कांग्रेस के लिए भितरघात का खतरा टला नहीं है। भाजपा-कांग्रेस को पोहरी, कोलारस, करैरा, चंदेरी, अशोकनगर, बमोरी, गुना, श्योपुर व विजयपुर में भितरघात का खतरा है।
पिछले चुनाव में ऐसी रही वोटिंग
शिवपुरी 60.95%
मतदाता- 171792 विधिमान्य मत- 104715
श्योपुर 72.26%
मतदाता- 159833 विधिमान्य मत- 115499
अशोकनगर 65.88%
मतदाता- 131635 विधिमान्य मत- 86727
गुना 70.36 %
मतदाता- 131990 विधिमान्य मत- 92862 
टिकट की घोषणा के साथ तेज होते विरोध के स्वर
शिवपुरी
एक-दूसरे के समीकरण बिगाडऩे की कोशिश
भाजपा ने शिवपुरी से यशोधरा राजे सिंधिया को मैदान में उतारकर जिले में कांग्रेस के समीकरण बिगाडऩे की कोशिश की है। यशोधरा का मुकाबला कांग्रेस के वीरेंद्र रघुवंशी से होगा। यशोधरा के आने से भाजपा को अशोकनगर में भी फायदा मिल सकता है। पोहरी में भाजपा ने मौजूदा विधायक प्रहलाद भारती को तमाम विरोधों के बाद भी मौका दिया है। उनके सामने कांग्रेस के हरिवल्लभ शुक्ला हैं। टिकट न मिलने पर भाजपा नेता विवेक पालीवाल, मंडल अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह व सलोनी धाकड़ ने विधायक भारती का विरोध शुरू कर रहे हैं। कोलारस में भाजपा ने देवेंद्र जैन को फिर मैदान में उतारा है। इस बार उनकी टक्कर फिर कांग्रेस के राम सिंह यादव से होगी। करैरा में विधायक रमेश खटीक की जगह ओमप्रकाश खटीक को भाजपा ने मैदान में उतारा है। ओमप्रकाश खटीक यूं तो दिनारा के निवासी होने से स्थानीय हैं लेकिन जनता उन्हें बाहरी मान रही है। यहां कांग्रेस ने शकुंतला खटीक को मौका दिया है।
श्योपुर
चेहरे पुराने, चुनौतियां नई
भाजपा ने श्योपुर से पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय को तमाम विरोधों के बाद टिकट दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस विधायक बृजराज सिंह चौहान से होगा। हालांकि भाजपा को यहां पर भितरघात से जूझना पड़ सकता है। विजयपुर में भाजपा ने सीताराम आदिवासी पर दोबारा भरोसा जताया है, लेकिन उनकी राह अपने ही कठिन करेंगे। इस सीट के आदिवासी बहुल इलाके कराहल में सीताराम को पिछली बार भी बढ़त मिली थी। उम्मीद इस बार भी है, लेकिन विजयपुर में चुनौती बरकरार है। यहां पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक रामनिवास रावत के परंपरागत रावत वोट बैंक में सेंध लगाना बड़ी चुनौती होगी।
गुना
नए चेहरों के भरोसे भाजपा
भाजपा ने गुना से नए चेहरे पन्नालाल शाक्य को मौका दिया है। शाक्य मौजूदा विधायक राजेंद्र सलूजा के नजदीकी माने जाते हैं। कांग्रेस की परंपरागत सीट राघौगढ़ से कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह को टिकट दिया है। उनका मुकाबला भाजपा के राधेश्याम धाकड़ से होगा।
चाचौड़ा में भाजपा ने ममता मीणा पर दोबारा भरोसा जताया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री व चार बार से विधायक शिवनारायण मीणा ही दावेदार हैं। इस बार मीणा समाज से कुछ और उम्मीदवार भी मैदान में आ सकते हैं। बमोरी में भाजपा ने मंत्री केएल अग्रवाल को ही मौका दिया है, वहीं कांग्रेस ने महेंद्र सिंह सिसोदिया को दोबारा मैदान में उतारा है।

अशोकनगर
तल्ख हुए बागियों के तेवर
भाजपा ने विधायक लड्डूराम कोरी का टिकट काटकर पूर्व मंत्री गोपीलाल जाटव को टिकट दिया है। हालांकि लड्डूराम ने भी पर्चा भर दिया है। कांग्रेस ने यहां से सिंधिया के नजदीकी रामचरण टोमरे को टिकट दिया है। जिले की सबसे प्रतिष्ठित मुंगावली सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक देशराज सिंह को फिर मौका दिया है। उनके सामने कांग्रेस के महेंद्र सिंह कालूखेड़ा होंगे। यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। चंदेरी में भाजपा ने विधायक राजकुमार सिंह को तो कांग्रेस ने सिंधिया के नजदीकी भूपेंद्र नारायण द्विवेदी को टिकट दिया है। यहां पर दिग्विजय सिंह खेमे के गोपाल सिंह चौहान टिकट न मिलने पर बगावत कर बसपा से या निर्दलीय मैदान में आ सकते हैं। बुधवार को उनके समर्थकों ने चंदेरी में ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

No comments:

Post a Comment