Wednesday, 6 November 2013

नाराजगी सभी सीटों पर, लेकिन बगावत सिर्फ महासमुंद में

शिव दुबे | Nov 06, 2013, 04:40AM IST
 
नाराजगी सभी सीटों पर, लेकिन बगावत सिर्फ महासमुंद में
रायपुर.  शहरों में दिवाली मिलन समारोह और गांवों में मातर के बहाने नेताओं को अपना प्रचार अभियान तेज करने का मौका मिल गया है। चुनाव आयोग की बंदिशों के चलते जगह-जगह चुनाव कार्यालय खोलने की योजना टालकर प्रत्याशियों ने अब सार्वजनिक समारोहों में अधिक से अधिक लोगों से मेल मुलाकात को अधिक पसंद किया है। इस काम में दीपावली का त्यौहार उनके लिए अच्छा अवसर साबित हो रहा है। फिर भी प्रत्याशियों को अपने क्षेत्र के बागियों और रूठों को मनाने में अधिक कसरत करनी पड़ रही है।  
 
टिकट के दावेदार अधिक होने के कारण नाराजगी का असर रायपुर जोन की लगभग सभी सीटों पर है लेकिन बगावत महासमुंद में ही नजर आ रही है। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के साथ ही प्रत्याशियों के द्वारा इस बात की कोशिश लगातार हो रही है कि विरोधी खेमे की टीम को कमजोर किया जाए। रायपुर जोन की 20 में से दो सीटों पर सीधे त्रिकोणीय संघर्ष के हालात हैं। इनमें से एक सीट महासमुंद पर बगावत के कारण और दूसरी सीट आरंग पर स्वाभिमान मंच के कारण मुकाबला रोचक हो गया है। बेहद नजदीकी मुकाबला होने के कारण इन दोनों सीटों पर आने वाले दिनों में कश्मकश और तेज होने के आसार हैं। लिहाजा बाकी अन्य सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। अभी जोर चुनावी सभाओं पर अधिक नहीं हो पाया है। प्रत्याशियों ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम साधने और गांव-गांव में प्रचार सामग्री पहंचाने में ध्यान केंद्रित किया हुआ है। कुल मिलाकर पार्टियां अब पूरी तैयारियों में जुट गई हैं। पहले चरण की वोटिंग में राजनांदगांव जिले की 6 सीटें निपट जाएंगी। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह इसके बाद यहां से फ्री होकर पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ दौरे कर सकते हैं। इसका असर दूसरे जोन और जिलों की सीटों पर सीधे पड़ेगा।
 
रायपुर उत्तरत्नजनसंपर्क ने पकड़ा जोर 
 
कांग्रेस विधायक कुलदीप जुनेजा लगातार अपने निश्चित ठिकानों पर पांच साल बैठते रहे हैं। इसका उन्हें फायदा मिलेगा। अब उनकी कोशिश है कि वे घरों में जाकर जनसंपर्क करें। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद सुंदरानी को नए सिरे से मेहनत करनी पड़ रही है। हालांकि नाम और परिचय के मोहताज वे भी नहीं हैं लेकिन व्यक्तिगत संपर्क में उनको अधिक समय देना पड़ रहा है।  
 
रायपुर दक्षिणत्नसबकी निगाहें यहीं पर 
 
टीवी शो कौन बनेगा मु्ख्यमंत्री के दौरान हुई मारपीट की कड़ुवाहट चुनाव प्रचार के दौरान देखने को मिल रही है। भाजपा के वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के समर्थक अब अधिक आक्रामक हो गए हैं। जनसंपर्क के लिए हमेशा तैयार रहने वाले बृजमोहन को महापौर किरणमयी नायक की टीम चुनौती दे रही है। दोनों ही एक दूसरे की रणनीति को देख कर रहे हैं।
 
राजिम माहौल नहीं
 
कांग्रेस के अमितेश शुक्ल और भाजपा के संतोष उपाध्याय के बीच टक्कर। यहां वैसा माहौल नहीं है, जैसा पहले होता था। भाजपा की कोशिश है कि साहू समाज के पुराने नेताओं को एकजुट करे।
कर समाज के बड़े वोट बैंक को अपनी ओर किया जाए। वैसे इस बार राजिम में वैसा माहौल नजर नहीं आ रहा है जैसा पहले के चुनावों में होता रहा है। 
धरसींवा सहानुभूति से लड़ाई 
 
भाजपा के देवजी पटेल व कांग्रेस की नक्सली हिंसा में शहीद स्व. योगेंद्र शर्मा की पत्नी के बीच मुकाबला है। कांग्रेस यहां सहानुभूति लहर पैदा कर भाजपा के खिलाफ माहौल बना रही है। 
कांग्रेस प्रत्याशी के लिए दूसरे दावेदारों के समर्थकों को अपने साथ मिलाना पहली चुनौती है। दूसरी ओर देवजी को भी इस बार कुछ अंदरुनी विरोध झेलना पड़ा है। पर वे अपनी ताकत अब अधिक से अधिक जनसंपर्क में लगा रहे हैं। 
बलौदाबाजार मैनेजमेंट अहम 
 
भाजपा की वर्तमान विधायक लक्ष्मी बघेल के सामने कांग्रेस ने जनकराम वर्मा को मैदान में उतारा है। दोनों ही प्रत्याशियों के लिए परेशानी कुछ अधिक है। जो अपने लोगों की नाराजगी को दूर कर लेगा, उसके लिए राह आसान होगी।
 
महासमुंद प्रबंधन जिताएगा
 
कांग्रेस विधायक अग्नि चंद्राकर व भाजपा के पूनम चंद्राकर के बीच लड़ाई। भाजपा के ही डॉ. विमल चोपड़ा ने बगावत कर दी। यहां मुद्दा हावी नहीं हो पाया है। त्रिकोणीय संघर्ष में बेहतर प्रबंधन ही चुनाव जिताएगा।
भाटापारा गुटीय राजनीति
 
कांग्रेस विधायक चैतराम साहू व भाजपा के शिवरतन शर्मा दोनों ही गुटीय राजनीति से निपट रहे हैं।
भाजपा के शर्मा को संगठन के वरिष्ठ नेताओं का समर्थन है लेकिन क्षेत्र में वे क्या करेंगे, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा। फिलहाल यहां पर ओबीसी वोटों का रुख निर्णायक होगा। 
 
खल्लारी खींचतान जारी
कांग्रेस के परेश बागबाहरा को जाति समीकरण के चलते नई चुनौती मिली है। भाजपा के चुन्नीलाल साहू को समाज से सपोर्ट मिलेगा, पर भाजपा के दूसरे समर्थक बिदक गए हैं। टिकट की खींचतान का असर अब तक खत्म नहीं हो पाया है। 
 
कसडोल पैसे की लड़ाई
कांग्रेस विधायक राजकमल सिंघानिया व भाजपा के गौरीशंकर अग्रवाल ने अपने संसाधन झोंक दिए हैं। कहा जा रहा है यहां प्रदेश का सबसे महंगा चुनाव होगा। यहां पूरा खेल चुनाव प्रबंधन का ही दिख रहा है।
 
बसना चुनाव प्रचार तेज
 
कांग्रेस विधायक देवेंद्र बहादुर व दूसरी ओर भाजपा की रूप कुमारी चौधरी ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। रूप कुमारी पहली बार मैदान में हैं। स्थानीय नेताओं की नाराजगी को दूर कर उन्होंने भी अपना प्रचार तेज कर दिया है। सार्वजनिक समारोहों में शामिल होने को वे अधिक प्राथमिकता दे रही हैं। 
 
रायपुर पश्चिम मूणत को विकास की चुनौती
कांग्रेस के दिग्गजों को किनारे लगाकर अपने लिए राहुल गांधी के माध्यम से टिकट का इंतजाम करने में सफल रहे विकास उपाध्याय को अब भीतरी कलह में कुछ हद तक अंकुश लगाने में सफलता मिलती दिख रही है। विकास उपाध्याय युवा टीम लेकर वे राज्य के मंत्री राजेश मूणत को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। 
रहे हैं। मूणत ने 10 साल के कार्यकाल में जो काम किए हैं, उनकी बदौलत लोगों से सहयोग मांग रहे हैं। मूणत को बस्तियों में काम करने की वजह से लोगों तक पहुंचने में आसानी हो रही है। 
 
आरंग त्रिकोणीय मुकाबला होगा
आरंग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक रुद्र गुरु, भाजपा के नवीन मारकंडेय और स्वाभिमान मंच के गंगूराम बघेल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इनमें नवीन पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए उनके सामने पहचान और अधिक से अधिक लोगों से मिलने की चुनौती है। कांग्रेस को अंदरुनी लड़ाई परेशान किए हुए है। सतनामी समाज के वोटर यहां पर निर्णायक होंगे। 
 
धमतरी गुटीय राजनीति हावी
कांग्रेस विधायक गुरुमुख सिंह होरा के सामने इंदर चोपड़ा भाजपा प्रत्याशी हैं। होरा को विरोधी गुट का विरोध भारी पड़ सकता है। कांग्रेस की गुटीय राजनीति का यहां पर सीधा असर दिख रहा है। 
वहीं इंदर चोपड़ा के लिए भी यही हालात हैं। इंदर चोपड़ा को भी कई दावेदारों को किनारे लगाकर टिकट देने से अंदरुनी नाराजगी उभरकर सामने आ गई। साहू समाज के वोटों का ध्रुवीकरण महत्वपूर्ण होगा। 
 
सिहावा नक्सल प्रभाव
नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां पर चुनाव प्रचार अधिक आक्रामक नहीं हो पाया है। कांग्रेस विधायक अंबिका मरकाम व भाजपा के सरवन मरकाम के बीच मुकाबला है।
अपनी सीट बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उनको इस बार स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी परेशान कर सकती है। भाजपा ने यहां से सरवन मरकाम को उतारकर नई चुनौती पैदा की है। 
 
बिलाईगढ़ चेहरे की लड़ाई
कांग्रेस के विधायक डॉ. शिव डहरिया व भाजपा के डॉ. सनम जांगड़े के बीच चेहरे की लड़ाई है। डहरिया को अजीत जोगी के समर्थकों का पूरा साथ मिल रहा है। भाजपा प्रत्याशी की भी अपनी अलग टीम है। यहां कोई खास चुनावी मुद्दा नहीं है। 
भाजपा को बदलाव के नारे पर अधिक भरोसा दिख रहा है। 
 
सरायपाली बड़ा मुदद नहीं
कांग्रेस विधायक डॉ. हरिदास भारद्वाज व भाजपा के रामलाल चौहान बदलाव के बीच मुकाबला। गांवों के आयोजनों में भाजपा प्रत्याशी अवसर देख रहे हैं। उनकी ओर से कोशिश हो रही है कि हरिदास के सुरक्षित किले में सेंध लगाई जाए। 
अब तक इस क्षेत्र में कोई बड़ा मुद्दा सामने नहीं आ पाया है।

No comments:

Post a Comment