ग्राउंड रिपोर्ट-3 : टिकट के बाद अपनों से संघर्ष
अनिल गुप्ता | Nov 06, 2013, 00:15AM IST
रीवा. टिकटों की घोषणा के बाद विंध्य में अंतर्कलह भाजपा-कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सकती है। मंत्री राजेंद्र शुक्ला को चुनाव समिति में लेकर भाजपा ने उनका कद तो बढ़ाया, लेकिन रीवा में संगठन के साथ तालमेल बनाना उनके लिए चुनौती बन गया है। यही हाल अनूपपुर जिले का भी है। यहां रामलाल रौतेल के कारण खींचतान बढ़ गई है। सतना में भी भाजपा को ‘अपनों’ से ही खतरा है।
नागेंद्र सिंह के परिवार को साधने की जरूरत है। कांग्रेस भी कमोबेश इन्हीं परिस्थितियों से जूझ रही है। दिग्गजों ने टिकट बांटने में शीर्ष स्तर पर सामंजस्य दिखाया, लेकिन जमीनी स्तर पर गुटबाजी बढ़ गई है। श्रीनिवास तिवारी खेमे और अजय सिंह को एक साथ लाना होगा। भाजपा ने रीवा-सतना जिले में ब्राrाण-ठाकुर वर्ग को टिकट दिया है, लेकिन उसके सामने बड़ी चुनौती वैश्य और पिछड़ों को साधने की है। कांग्रेस भी कमोबेश इसी राह पर है। बसपा ने वैश्यों के साथ पिछड़ों पर दांव खेला है।
रीवा : मैदान में रिश्तेदार होंगे आमने-सामने
रीवा सीट से भाजपा के राजेंद्र शुक्ला मैदान में हैं तो कांग्रेस से अब्दुल मुजीब खान। जिले में कांग्रेसी नेता पुष्पराज के पुत्र (एक माह पहले भाजपा में शामिल हुए) दिव्य राज को भाजपा ने सिरमौर से प्रत्याशी बनाया है। रीवा जिले में भाजपा के पास 8 में से 6 सीटें हैं। इन छह में भाजपा ने रीवा और देव तालाब सीट पर प्रत्याशी दोहराए हैं। मऊगंज से भाजश से पिछला चुनाव जीतने वाले लक्ष्मण तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। त्यौंथर में पुराने नेता रमाकांत तिवारी पर भरोसा दिखाया है। इन दोनों सीटों पर पिछले चुनाव में बसपा ने विजय हासिल की थी। कांग्रेस के सामने चुनौती इन दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबले में आने की है। जिले में श्रीनिवास तिवारी परिवार से अभी किसी को टिकट नहीं मिला है।
सतना : यहां अपनों के बीच संघर्ष
पीडब्ल्यूडी मंत्री नागेंद्र सिंह के इस चुनाव से संन्यास की घोषणा के बाद उनके ही परिवार में अंतर्विरोध सामने आ गया है। नागौद से भाजपा ने गगनेंद्र सिंह को खड़ा किया है। गगनेंद्र को नागेंद्र सिंह खेमे का माना जाता है, लेकिन इनके पिता कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं। रैगांव सीट से विधायक जुगलकिशोर बागरी के पुत्र पुष्पराज को टिकट मिला है। इससे संगठन के दूसरे दावेदार नाराज हैं। चित्रकूट से भाजपा ने सुरेंद्र सिंह गहरवार को फिर मौका दिया है। चित्रकूट, रैगांव और नागौद में कांग्रेस ने क्रमश: प्रेम सिंह, गयाप्रसाद बागड़ी और मानवेंद्र सिंह को टिकट दिया है। यहां मुकाबला बराबरी का होता दिख रहा है। रामपुर-बघेलान में कांग्रेस ने चेहरा बदलकर कमलेंद्र सिंह कमलू को तो भाजपा ने पिछला चुनाव हार चुके हर्ष सिंह को खड़ा किया है।
सीधी-सिंगरौली
आमने-सामने नया-पुराना
सीधी की चुरहट सीट पर सभी की निगाहें हैं। यहां अजय सिंह (कांग्रेस) के सामने भाजपा ने नया फेस शरदेंदू तिवारी दिया है। सीधी सीट पर विरोध के बाद भी भाजपा ने केदारनाथ शुक्ला को और कांग्रेस ने चेहरा बदलकर कमलेश्वर द्विवेदी को खड़ा किया है। सिंहावल और धौहनी में भी भाजपा ने पुराने चेहरों पर दांव लगाया है, जबकि कांग्रेस ने सिंहावल में इंद्रजीत पटेल के बेटे को उतारा है। सिंगरौली में भाजपा ने श्रम मंत्री जगन्नाथ सिंह को चितरंगी से उम्मीदवार बनाया है। जिले की ३ सीटों पर काबिज भाजपा का गढ़ कांग्रेस भेदना चाहती है।
शहडोल : दोनों दलों का नए चेहरों पर दांव
शहडोल जिले में भाजपा ने ब्यौहारी से मौजूदा विधायक बलीसिंह मरावी की जगह रामप्रसाद परस्ते को टिकट दिया तो कांग्रेस ने भी रामदीन बैगा को छोड़कर रामपाल सिंह पर भरोसा दिखाया है। अब इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है। जयसिंह नगर में भी कांग्रेस ने कमला प्रसाद सिंह का टिकट काटकर ध्यान सिंह माकरे और जैतपुर से यशोदा सिंह की जगह लल्लन सिंह को टिकट दिया है। जैतपुर में भाजपा ने राज्यमंत्री जयसिंह मरावी को फिर से मैदान में उतारा है। अनूपपुर जिले की कोतमा सीट पर भाजपा ने नए चेहरे राजेश सोनी को दिया है, लेकिन सोनी को लेकर भी पार्टी में अंतर्विरोध की स्थिति बन गई है।
No comments:
Post a Comment